बाइटडांस AI के विस्तार के लिए कर रही अब तक का सबसे बड़ा लोन लेने की तैयारी
टिक-टॉक निर्माता बाइटडांस 20 अरब डॉलर (करीब 1,800 अरब रुपये) का विदेशी लोन लेने की तैयारी कर रही है। अगर, यह सौदा सफल रहता है तो यह उसका अब तक का सबसे बड़ा लोन होगा।
अभी तो बातचीत बस शुरू हुई है और कुछ भी तय नहीं है। हालांकि, योजना के मुताबिक यह लोन 3 साल की अवधि के लिए होगा, जिसे 2 साल और आगे बढ़ाने का विकल्प भी मिलेगा।
AI और डाटा सेंटर्स पर भारी निवेश की योजना
इस रकम से बाइटडांस को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डाटा सेंटर्स पर अपना खर्च बढ़ाने में सुविधा मिलेगी। इस साल कंपनी की योजना AI तकनीक में 70 अरब डॉलर (करीब 6,500 अरब रुपये) तक लगाने की है।
अगर, सब कुछ ठीक चलता रहा तो अगले साल यह निवेश 100 अरब डॉलर (करीब 9,000 अरब रुपये) तक पहुंच सकता है और ऐसा करने वाली सिर्फ बाइटडांस ही नहीं है।
अमेजन, गूगल, माइक्रोसॉफ्ट और मेटा जैसी बड़ी अमेरिकी कंपनियां भी इस साल ऐसे ही प्रोजेक्ट्स पर कुल 725 अरब डॉलर (करीब 68,000 अरब रुपये) खर्च करने की तैयारी में हैं।
2024 में जुटाए थे करीब 1,000 अरब रुपये
2024 में बाइटडांस ने दुनियाभर से 10.8 अरब डॉलर (करीब 1,000 अरब रुपये) जुटाए थे। इस रकम का कुछ हिस्सा उसने अपने पुराने कर्जों को चुकाने में इस्तेमाल किया।
सिटीग्रुप, गोल्डमैन सैक्स और जेपी मॉर्गन जैसे बड़े बैंकों ने इन सौदों को करवाने में अपनी भूमिका निभाई। यह दर्शाता है कि बाइटडांस तकनीक के क्षेत्र में बड़े निवेश के साथ-साथ अपनी वित्तीय नीतियों में भी लचीलापन बनाए रखना चाहती है।