ऑस्ट्रेलिया की सबसे बड़ी हार्डवेयर चेन बनिंग्स ने टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) के साथ साझेदारी की है। इसी कड़ी में कंपनी 350 तकनीकी कर्मचारियों की छंटनी कर रही है।
ये सभी पद अब भारत और फिलीपींस में चले जाएंगे, वे चाहे स्थायी हो या संविदा पर। कंपनी का मानना है कि इस कदम से न केवल पैसे की बचत होगी, बल्कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) में उनका निवेश भी बढ़ पाएगा।
कर्मचारियों को मुआवजे और मदद का भरोसा
बनिंग्स ने जिन कर्मचारियों की नौकरी जाएगी, उनके लिए छंटनी पैकेज और करियर से जुड़ी मदद देने का भरोसा दिया है। ये बदलाव दिसंबर से जून, 2027 के बीच होंगे।
करीब 500 तकनीकी नौकरियां ऑस्ट्रेलिया में ही रहेंगी और स्टोर के कर्मचारियों पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
यह फैसला वेसफार्मर्स ग्रुप के अन्य ब्रांड्स जैसे कि ऑफिस वर्क्स के ऐसे ही कदमों की तरह है। दरअसल, ग्रुप अपने सभी कारोबारों में नए प्रयोग करना और लागत को कम करना चाहता है।