बजट 2026: वित्त मंत्री ने किया देश में 7 नए हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर ऐलान
क्या है खबर?
बजट 2026 में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आज (1 फरवरी) देश के लिए नए कई हाई-स्पीड कॉरिडोर की घोषणा की है। वित्त मंत्री ने कहा है कि देश में सात नए हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर बनाए जाएंगे। इनका उद्देश्य लंबी दूरी की यात्रा को तेज, सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल बनाना है। सरकार का मानना है कि इससे आम यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी और सड़क व हवाई यातायात पर दबाव भी कम होगा।
रूट
किन-किन रूट पर बनेंगे हाई-स्पीड कॉरिडोर?
वित्त मंत्री ने आज जिन सात हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर का प्रस्ताव रखा है, उनमें मुंबई-पुणे, हैदराबाद-बेंगलुरु, पुणे-हैदराबाद, हैदराबाद-चेन्नई और चेन्नई-बेंगलुरु शामिल हैं। इसके अलावा, दिल्ली-वाराणसी और वाराणसी-सिलीगुड़ी हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर भी बनाए जाएंगे। इन रूट्स को इसलिए चुना गया है, ताकि बड़े शहरों और आर्थिक केंद्रों के बीच यात्रा का समय काफी कम किया जा सके, साथ ही व्यापार, पर्यटन और क्षेत्रीय विकास को भी तेजी से बढ़ावा मिल सके।
फायदा
यात्रियों और पर्यावरण को होगा सीधा फायदा
सरकार के अनुसार, ये हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर सस्टेनेबल पैसेंजर मोबिलिटी को बढ़ावा देंगे। तेज ट्रेनें चलने से लोग निजी वाहनों का कम इस्तेमाल करेंगे, जिससे ईंधन की खपत और प्रदूषण दोनों घटेंगे। साथ ही, इन परियोजनाओं से निर्माण और संचालन के दौरान बड़े पैमाने पर रोजगार भी पैदा होंगे। भारत सरकार का कहना है कि यह कदम भविष्य के ट्रांसपोर्ट सिस्टम को और मजबूत बनाने की दिशा में अहम होगा।