BSNL-Vi के बीच बढ़ी रोमिंग साझेदारी, अब बेहतर मिलेगी कनेक्टिविटी
भारतीय संचार निगम लिमिटेड (BSNL) और वोडाफोन-आइडिया (Vi) ने अपनी रोमिंग साझेदारी को बढ़ाया है। इसका मतलब है कि अगर, आप 12 से 13 नए सर्कल्स में से किसी ऐसे इलाके में हैं, जहां इन दोनों में से किसी एक का नेटवर्क कमजोर है तो आपका फोन अब बेहतर तरीके से जुड़ा रह पाएगा।
इस सुधार का मकसद यही है कि ग्राहकों को बेहतर सिग्नल मिलें और कॉल कटने की परेशानी कम हो। यह खासकर उन जगहों के लिए है, जहां नेटवर्क अक्सर कमजोर रहता है। एक सरकारी सूत्र के अनुसार, इस कदम का सीधा मकसद ग्राहकों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना है।
26,000 नए टावर लगाने की मिली मंजूरी
BSNL को अपने मौजूदा एक लाख टावरों के अलावा 26,000 नए 4G टावर लगाने की मंजूरी मिल गई है, वहीं Vi भी अपनी बड़ी 45,000 करोड़ रुपये की विस्तार योजना के लिए फंड जुटाने में लगा हुआ है।
इसमें से कंपनी ने पहले ही 6,400 करोड़ रुपये जुटा लिए हैं। इन पैसों में से 1,183 करोड़ रुपये वारंट और कर्ज से आए हैं, जो ECB और भारतीय निजी बैंकों से मिले हैं। अगर, आप भी खराब सिग्नल या धीमी डाटा रफ्तार से परेशान हैं तो जल्द ही आपको इसमें कुछ बड़े सुधार देखने को मिल सकते हैं।