चौथी तिमाही के नतीजों के बाद ब्रेनबीज सॉल्यूशंस के शेयर 7 फीसदी गिरे
फर्स्टक्राय की पैरेंट कंपनी ब्रेनबीज सॉल्यूशंस के शेयर चौथी तिमाही के नतीजे सामने आने के बाद 7 फीसदी नीचे गिरकर 222 रुपये पर आ गए हैं।
यह कंपनी के इश्यू प्राइस (465 रुपये) से 50 फीसदी से भी नीचे है और इस साल भी इनमें 23 फीसदी की गिरावट दर्ज की जा चुकी है।
हालांकि, इन नतीजों के दौरान कंपनी का राजस्व 12 फीसदी बढ़कर 2,162 करोड़ रुपये हुआ, लेकिन घाटा 48.2 करोड़ रुपये तक पहुंच गया।
चौथी तिमाही में रहा मिला-जुला प्रदर्शन
ब्रेनबीज के मुख्य भारतीय सेगमेंट ने भले ही 11.4 फीसदी ज्यादा राजस्व हासिल किया हो, लेकिन इसका मुनाफा करीब 13 फीसदी गिर गया और मार्जिन भी कम हो गए। अंतरराष्ट्रीय बिजनेस की बिक्री भी बढ़ी और घाटा थोड़ा कम हुआ।
अच्छी खबर यह है कि कंपनी का ग्लोबलबीज वर्टिकल काफी चमका है। इसका मुनाफा 2.9 करोड़ रुपये से उछलकर 26.4 करोड़ रुपये पर पहुंच गया और मार्जिन भी 0.7 फीसदी से सुधरकर 5.7 फीसदी हो गए।