भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) आंध्र प्रदेश के रामायपटनम में एक बहुत बड़ा नया रिफाइनरी और पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स बनाने की तैयारी कर रही है।
इसमें 1.27 लाख करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा। हालांकि, अभी इसे मंजूरी मिलनी बाकी है।
यह प्लांट हर साल 90 लाख मीट्रिक टन कच्चे तेल का प्रसंस्करण करेगा। साथ ही इसमें एक बड़ा एथिलीन क्रैकर भी लगाया जाएगा, जो रोजमर्रा के प्लास्टिक बनाने में बहुत अहम भूमिका निभाता है।
बोर्ड से फंडिंग को मिली मंजूरी
इस प्रोजेक्ट का मकसद BPCL की रिफाइनिंग क्षमता को बढ़ाना है। साथ ही यह भारत की आयातित पॉलीमर पर निर्भरता कम करने में मदद करेगा और देश में केमिकल की बढ़ती मांग को भी पूरा करेगा।
BPCL इस प्रोजेक्ट के लिए इक्विटी और कर्ज दोनों तरीकों से पैसा जुटाने की योजना बना रही है। कंपनी के बोर्ड ने अपनी सहायक कंपनी के लिए 44,330 करोड़ रुपये तक की फंडिंग को पहले ही मंजूरी दे दी है।
सरकार, कानून और नियमक से जरूरी मंजूरियां मिलने के बाद इस प्लांट में जुलाई, 2032 तक काम शुरू होने की उम्मीद है। यह प्रोजेक्ट केमिकल और पॉलीमर से जुड़े दूसरे उद्योगों को भी मदद पहुंचाएगा।