LOADING...
बोट IPO लॉन्च करने की कर रही तैयारी, जुटाएगी 2,000 करोड़ रुपये
बोट IPO लॉन्च करने की कर रही तैयारी

बोट IPO लॉन्च करने की कर रही तैयारी, जुटाएगी 2,000 करोड़ रुपये

Feb 21, 2025
06:02 pm

क्या है खबर?

भारत की जानी-मानी उपभोक्ता इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनी बोट एक बार फिर IPO लाने की तैयारी कर रही है। कंपनी का लक्ष्य वित्त वर्ष 2025-26 में 2,000 करोड़ रुपये जुटाना है। इसके लिए वह जल्द ही गोपनीय ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) दाखिल करेगी। इससे पहले, 2022 में बोट ने IPO के लिए दस्तावेज भरे थे, लेकिन बाजार की अनिश्चितता के कारण इसे वापस ले लिया गया था। इस बार कंपनी अधिक सावधानी और रणनीति के साथ आगे बढ़ रही है।

फायदा

गोपनीय फाइलिंग से क्या होगा फायदा?

नवंबर 2022 में SEBI ने गोपनीय फाइलिंग की सुविधा शुरू की थी, जिससे कंपनियां बिना सार्वजनिक घोषणा के IPO दस्तावेज दाखिल कर सकती हैं। इससे बोट को कई फायदे होंगे। संवेदनशील जानकारी गुप्त रहेगी, IPO के समय का चुनाव करने में अधिक लचीलापन मिलेगा और कंपनी को जल्दी कानूनी या बाजार से जुड़ी चुनौतियों का सामना नहीं करना पड़ेगा। यह तरीका स्विगी ने भी अपनाया था और अब बोट भी इसी रास्ते पर चल रही है।

स्थिति

बोट की मौजूदा स्थिति

बोट भारत के वियरेबल्स बाजार में अग्रणी कंपनी है, जिसकी Q2 2024 तक 26.7 प्रतिशत बाजार हिस्सेदारी थी। हालांकि, पिछले वित्त वर्ष में कंपनी की बिक्री घटी और राजस्व 5 प्रतिशत कम होकर 3,285 करोड़ रुपये रह गया। बावजूद इसके, कंपनी ने वित्त वर्ष 2024 में लाभ कमाया और EBITDA सकारात्मक रहा। बोट ने पहले वारबर्ग पिंकस, क्वालकॉम वेंचर्स, इनोवेन कैपिटल और फायरसाइड वेंचर्स से फंडिंग प्राप्त की थी। अब कंपनी IPO लाकर अपना कारोबार और मजबूत करना चाहती है।