जेफ बेजोस पर निर्भर ब्लू ओरिजन अब बाहरी निवेशकों से जुटाएगी रकम
जेफ बेजोस की अंतरिक्ष कंपनी ब्लू ओरिजन अब बाहरी निवेशकों से 8 अरब डॉलर (करीब 750 अरब रुपये) की रकम जुटा रही है। यह पहली बार है, जब कंपनी बाहर से पैसा ले रही है।
पहले यह कंपनी केवल बेजोस के पैसों पर निर्भर थी, जिन्होंने 2000 के शुरुआती सालों से अब तक इसमें करीब 30 अरब डॉलर (करीब 2,850 अरब रुपये) लगाए हैं।
कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) डेव लिंप ने यह जानकारी दी। यह कदम बताता है कि कंपनी अपने बड़े प्रोजेक्ट्स के लिए पैसा जुटाने के तरीके में एक बड़ा बदलाव कर रही है।
अंतरिक्ष में डाटा सेंटर पर खर्च होगी रकम
ब्लू ओरिजन जुटाई गई रकम से अंतरिक्ष में डाटा सेंटर जैसे बड़े प्रोजेक्ट शुरू करने का इरादा रखती है और नासा के आर्टेमिस मून मिशन में भी सहयोग करेगी।
बाहरी फंडिंग जुटाने की यह कोशिश ऐसे समय में हो रही है, जब स्पेस-X अंतरिक्ष उद्योग में अपनी धाक जमाए हुए है। हाल ही में उसका मूल्यांकन 1,770 अरब डॉलर (करीब 1.6 लाख अरब रुपये) आंका गया था।
नए निवेश के साथ कंपनी उम्मीद कर रही है कि वह अपनी क्षमताओं को बढ़ा पाएगी और अपने मुख्य प्रतिद्वंद्वी के साथ के अंतर को कम कर पाएगी।