निवेशकों की गलतफहमी के कारण 31 फीसदी उछले ब्लू क्लाउड के शेयर
ब्लू क्लाउड सॉफ्टेक सॉल्यूशंस के शेयरों में 2 दिनों में ही करीब 31 फीसदी की जोरदार उछाल देखने को मिली। यह वृद्धि 15 करोड़ डॉलर (करीब 1,400 करोड़ रुपये) का एक बड़ा अनुबंध की खबर आने के बाद आई। मजेदार बात यह है कि निवेशकों ने इस सौदे को एलन मस्क की कंपनी स्पेस-X से जुड़ा हुआ मान लिया, जबकि हकीकत में यह उससे संबंधित नहीं है।
यह अनुबंध मलेशिया की एक कंपनी स्पेस-X इंटरनेशनल लिमिटेड के साथ है, जिसका मस्क की कंपनी से कोई लेना-देना नहीं है।
स्पेस-X इंटरनेशनल के लिए यह काम करेगी ब्लू क्लाउड
ब्लू क्लाउड की अमेरिकी यूनिट अगले 18 महीनों तक स्पेस-X इंटरनेशनल लिमिटेड के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डाटा सिस्टम विकसित करेगी।
इस अनुबंध को कई हिस्सों में बांटा गया है। इनमें AI इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए 7 करोड़ डॉलर, साइबर सुरक्षा और टेलीकॉम के लिए 2.5-2.5 करोड़ डॉलर और डाटा सेंटर्स के लिए 3 करोड़ डॉलर शामिल हैं।