अमेरिकी क्रिप्टो बिल पर अनिश्चितता के बीच शेयरों में उछाल, बिटकॉइन की तेजी थमी
बिटकॉइन की हालिया तेजी पर ब्रेक लग गया है। ऐसा अमेरिकी में क्लैरिटी एक्ट के पास होने की उम्मीदें कम होने के बाद हुआ है। इस साल इस बिल के पास होने की संभावना 30 से घटकर महज 18 फीसदी रह गई है। यह क्रिप्टोकरेंसी से जुड़ा एक अहम नियामक बिल है।
मंगलवार (15 सितंबर) सुबह सिंगापुर में बिटकॉइन का दाम 79,586 डॉलर (करीब 75.5 लाख रुपये) से खिसककर 78,000 डॉलर (करीब 74 लाख रुपये) से भी नीचे आ गया।
सीनेट में रिपब्लिकन और डेमोक्रेट्स के बीच चल रही राजनीतिक खींचतान ने इसे रोक रखा है, वहीं डेमोक्रेट्स अगले अहम वोट से पहले एक जवाबी प्रस्ताव तैयार करने में लगे हैं।
रिपब्लिकन ने किया बिल में बदलाव
रिपब्लिकन ने बिल में कुछ फेरबदल किए हैं। इसके तहत अब ट्रेजरी को बैंक से जुड़े जोखिमों पर ज्यादा अधिकार मिलेंगे और राष्ट्रपति के क्रिप्टो निवेश के लिए भी कड़े नियम तय किए गए हैं।
क्रिप्टो से जुड़ी कंपनियों के शेयरों में सोमवार को अच्छी तेजी आई। डिजिटल एक्सचेंज कॉइनबेस ग्लोबल के शेयर 9.2 फीसदी उछले, वहीं स्टेबलकॉइन जारी करने वाली कंपनी सर्किल इंटरनेट ग्रुप में 7.5 फीसदी का इजाफा हुआ। अब उद्योग से जुड़े कुछ जानकार फेडरल रिजर्व की आने वाली बैठक पर निगाह रखे हुए हैं। उनका मानना है कि ब्याज दरों में संभावित बढ़ोतरी क्रिप्टोकरेंसी की कीमतों में और उथल-पुथल मचा सकती है।