अमेरिका-ईरान शांति समझौते से बिटकॉइन समेत सभी क्रिप्टोकरेंसी में आया उछाल
सबसे बड़ी क्रिप्टोकरेंसी बिटकॉइन ने सोमवार (15 जून) सुबह करीब 3 फीसदी की छलांग लगाकर 65,400 डॉलर (करीब 62 लाख रुपये) का आंकड़ा छू लिया और 2 सप्ताह के उच्चततम स्तर पर पहुंच गया।
यह उछाल अमेरिकी और ईरान के बीच हुए शांति समझौते की खबर के बाद आया। इस समझौते के बाद दुनिया का एक बेहद अहम व्यापार मार्ग होर्मुज जलडमरूमध्य फिर से खुल गया है।
इससे सिर्फ वैश्विक बाजारों को ही नहीं, बल्कि क्रिप्टो जैसी जोखिम भरी संपत्तियों को भी सकारात्मक संकेत मिले।
फेड की बैठक पर क्रिप्टो बाजार की नजर
इस उछाल से पहले बिटकॉइन एक मुश्किल दौर से गुजरा था। अक्टूबर, 2024 के बाद यह पहली बार था, जब बिटकॉइन 60,000 डॉलर (करीब 57 लाख रुपये) के नीचे पहुंच गया। इसकी एक वजह माइकल सेलर की कंपनी द्वारा अपनी कुछ होल्डिंग्स बेचना और ETF से निवेशकों का पैसा बाहर निकलना था।
इस बढ़त में दूसरी क्रिप्टोकरेंसी भी शामिल हो गईं। एथर 3.7 फीसदी चढ़कर 1,731 डॉलर (करीब 1.6 लाख रुपये) पर पहुंच गया, जबकि सोलाना और XRP में ज्यादा बढ़ोतरी देखी गई।
एशिया के शेयर बाजार और S&P 500 फ्यूचर्स में भी बढ़त हुई क्योंकि तेल की कीमतों में 4 फीसदी से ज्यादा की गिरावट आई। अब सबकी नजरें बुधवार (17 जून) को होने वाली फेड की बैठक पर टिकी हैं। इस बैठक से क्रिप्टो की कीमतों के अगले रुख को लेकर अहम संकेत मिलने की उम्मीद है।