संकट में भी बिटकॉइन बढ़त के साथ 77,462 डॉलर पर पहुंचा
एक छोटी गिरावट के बाद बिटकॉइन में हल्की तेजी दिखी है। यह 0.26 फीसदी बढ़कर 77,462 डॉलर (करीब 73.5 लाख रुपये) तक पहुंच गया।
इस सप्ताह की बात करें तो इसमें करीब 3 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज हुई है। अमेरिकी महंगाई के बढ़े हुए आंकड़ों और मध्य पूर्व के बढ़ते तनाव के बीच क्रिप्टो ट्रेडर्स सतर्क हैं। ऐसे माहौल में भी बिटकॉइन में यह उछाल देखने को मिला है।
ETF में भी दिख रहा उतार-चढ़ाव
सभी की नजरें अब अमेरिकी फेडरल रिजर्व के आने वाले ब्याज दर के फैसले पर टिकी हैं। जानकारों का कहना है कि आगे और बढ़ोतरी के लिए बिटकॉइन को 78,000 डॉलर (करीब 74 लाख रुपये) से ऊपर बने रहना होगा। डेल्टा एक्सचेंज की शोध विश्लेषक रिया सहगल का कहना है कि बिटकॉइन अभी 76,000 डॉलर (करीब 72 लाख रुपये) के आस-पास स्थिर है और जल्द ही 77,800 डॉलर (करीब 73.9 लाख रुपये) तक पहुंचने की उम्मीद है। इस बीच, ब्याज दरों में बढ़ोतरी की आशंका से निवेशक बिटकॉइन एक्सचेंज-ट्रेडेड फंड (ETF) में कभी पैसा लगा रहे हैं तो कभी निकाल रहे हैं, जिससे इनमें उतार-चढ़ाव दिख रहा है।
कच्चे तेल की ऊंची कीमतें भी महंगाई की चिंता बढ़ा रही हैं, जिससे थोड़े समय के लिए बिटकॉइन का भविष्य अनिश्चित बना हुआ है।