बिसलेरी ने भारत के खाद्य सुरक्षा प्राधिकरण (FSSAI) से अनुरोध किया है कि वह पश्चिम बंगाल से लिए गए उसके पानी के एक नमूने की फिर से जांच करे।
यह बात तब सामने आई है, जब 2 स्वतंत्र प्रयोगशाला ने पानी को पीने के लिए सुरक्षित बताया है।
हालांकि, इससे पहले प्राथमिक और रेफरल दोनों ही प्रयोगशाला ने नमूने में कोलिफॉर्म बैक्टीरिया होने की बात कही थी।
इसी रिपोर्ट के बाद नियामक ने 12 अगस्त को बिसलेरी के उस खास बैच (PB201) की बिक्री पर रोक लगा दी थी।
जांच के परिणामों में फर्क पर सवाल
बिसलेरी का कहना है कि उसने खुद जो स्वतंत्र जांच करवाई है, उसमें पानी सभी तय मानकों पर खरा उतरा है। कंपनी अब FSSAI से यह जानना चाहती है कि आखिर अलग-अलग जांच के नतीजे एक जैसे क्यों नहीं आ रहे। उसने यह भी बताया कि सरकारी और स्वतंत्र जांच के नतीजों में जो फर्क आया है, उसकी पूरी समीक्षा होनी चाहिए।
कंपनी ने भरोसा दिलाया कि वह सच्चाई का पता लगाने के लिए अधिकारियों के साथ पूरा सहयोग करेगी। यह पूरा मामला ऐसे समय में सामने आया है, जब FSSAI दूसरे राज्यों में भी इसी तरह की जांच कर रहा है। नियामक का मकसद है कि बोतल बंद पानी लोगों के लिए सुरक्षित रहे और बेवजह कोई डर या चिंता न फैले।