UBS ने डॉलर के मुकाबले रुपया 100 के पार जाने का अनुमान जताया
UBS के मुख्य रणनीतिकार भानु बावेजा ने चेतावनी दी है कि अगले 12 से 18 महीनों में भारतीय रुपया, अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 100 के स्तर को छू सकता है।
उन्होंने इसके पीछे अमेरिकी ब्याज दरों में लगातार हो रही बढ़ोतरी और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों को मुख्य वजह बताया है, जिनके कारण भारतीय मुद्रा पर दबाव बढ़ रहा है।
बावेजा ने RBI को दी यह सलाह
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) भले ही विदेशी मुद्रा बाजार में उतार-चढ़ाव को नियंत्रित करने में लगा है, लेकिन भारत का निर्यात कई एशियाई पड़ोसी देशों की तुलना में उतनी तेजी से नहीं बढ़ रहा है।
बावेजा का सुझाव है कि वैश्विक बाजार में देश के निर्यात को प्रतिस्पर्धी बनाए रखने के लिए RBI को रुपये को थोड़ा और कमजोर होने देना चाहिए।
उनका कहना है कि केंद्रीय बैंक अपने विदेशी मुद्रा भंडार का इस्तेमाल केवल बड़े झटकों या अचानक आई किसी बड़ी समस्या को संभालने के लिए ही करेगा।
इसी बीच, अमेरिका में बढ़ते बॉन्ड यील्ड और महंगे होते कच्चे तेल के कारण विदेशी निवेशक भारत में निवेश से कतरा रहे हैं, जिससे देश में महंगाई बढ़ रही है।