बेंगलुरु की AI कंपनी दुनियाभर में कारोबार बढ़ाने की कर रही तैयारी
बेंगलुरु की वॉयस आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनी एरोहेड दुनियाभर में अपना कारोबार बढ़ाने की तैयारी में है। इसी कड़ी में अब यह सीरीज-A फंडिंग जुटाने की कोशिश कर रही है।
कंपनी की सह संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) देवयानी गुप्ता ने बताया कि उन्होंने स्टेलारिस वेंचर पार्टनर्स और CRED के संस्थापक कुणाल शाह से 30 लाख डॉलर (करीब 28 करोड़ रुपये) की सीड फंडिंग जुटाई थी।
अब इस फंडिंग के बाद कंपनी दक्षिण-पूर्वी एशिया से बाहर भी अपना विस्तार करना चाहती है। हालांकि, इस नए फंडिंग राउंड के बारे में अभी और जानकारी सामने नहीं आई है।
लाखों बैंक ग्राहकों की बातचीत संभालते हैं AI एजेंट्स
2022 में बनी एरोहेड ने शुरुआत में केवल बातचीत का विश्लेषण करने पर ध्यान दिया था, लेकिन अब यह AI एजेंट तैयार करती है, जो एक्सिस जैसे बड़े बैंकों के लिए लाखों ग्राहकों से बातचीत संभालते हैं।
हैरानी की बात यह है कि ये AI एजेंट अक्सर इंसानी एजेंट्स से भी बेहतर काम करते हैं। उनकी यह खास तकनीक बैंकों और बीमा कंपनियों के लिए ही बनाई गई है।
इसका सारा डाटा भारत में मौजूद सर्वर पर पूरी तरह सुरक्षित रहता है। कंपनी का लक्ष्य वित्तीय सेवाओं को और भी तेज, स्मार्ट और बड़े स्तर पर तैयार करना है।