जापान के 30 साल के बॉन्ड की यील्ड रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंची
जापान के 30 साल के सरकारी बॉन्ड यील्ड ने 4.235 फीसदी का अब तक का सबसे ऊंचा स्तर छू लिया है। यह ऐसे समय में हुआ है, जब प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची संसद में एक अहम भाषण देने वाली हैं।
निवेशक बेसब्री से देख रहे हैं कि क्या सरकार नई नीतियों को लेकर कोई संकेत देगी? दरअसल, अमेरिका चाहता है कि जापान येन को स्थिर करने के लिए कदम उठाए।
यील्ड में इस बढ़ोतरी से साफ पता चलता है कि लोगों को डर है कि ताकाइची की भारी खर्च वाली योजनाओं से जापान की कर्ज की समस्या कहीं और न बढ़ जाए।
प्रधानमंत्री की नीति का इंतजार
हर कोई यह जानना चाहता है कि क्या प्रधानमंत्री ताकाइची अमेरिकी दबाव में अपनी नीति बदलेंगी या अपनी मौजूदा आर्थिक रणनीति पर ही टिकी रहेंगी?
डाइवा सिक्योरिटीज के वरिष्ठ रणनीतिकार मासाहितो सुगावारा का कहना है कि अभी यील्ड इसी स्तर पर बनी हुई है क्योंकि ताकाइची की नीति में बदलाव की उम्मीद की जा रही है।
उन्होंने आगे कहा, "अगर, वह ऐसा कुछ कहती हैं, जिससे यह संकेत मिले कि वह अपनी विस्तारवादी नीति को बदलने वाली नहीं हैं तो बॉन्ड यील्ड और भी ऊपर जा सकते हैं।"
दूसरी तरफ, कम अवधि वाले जापानी बॉन्ड की यील्ड में थोड़ी गिरावट देखी गई है। दुनियाभर के बॉन्ड बाजार इस समय महंगाई की चिंताओं और लगातार बढ़ रही कर्ज की लागतों का सामना कर रहे हैं। इसमें अमेरिका में आई कमजोर नौकरियों की रिपोर्ट के बाद के बदलाव भी शामिल हैं।