BBC ने की मानहानि केस में गवाही के लिए ट्रंप के बच्चों को अदालत बुलाने की मांग
BBC अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के 10 अरब डॉलर (करीब 900 अरब रुपये) के मानहानि मुकदमे में अपना बचाव कर रहा है। इसके लिए उसने अमेरिकी अदालत से इवांका ट्रंप, डोनाल्ड ट्रंप जूनियर और जेरेड कुशनर को समन जारी करने की मांग की है। यह पूरा मामला BBC की एक डॉक्यूमेंट्री के मानहानि से जुड़ा हुआ है।
ट्रंप का आरोप है कि इस डॉक्यूमेंट्री ने 6 जनवरी को कैपिटल हमले से पहले दिए गए, उनके भाषण को गलत तरीके से पेश किया था। इस मामले की सुनवाई फरवरी, 2027 में होनी है।
ईमेल या रजिस्टर्ड डाक से समन भेजने की मांग
BBC चाहता है कि इवांका, जेरेड कुशनर और डोनाल्ड ट्रंप जूनियर कोर्ट में गवाही दें। दरअसल, ये तीनों उस समय डोनाल्ड ट्रंप के साथ थे, जब उन्होंने अपना भाषण एडिट किया था।
साथ ही, यह भी बताया गया है कि हिंसा शुरू होने के बाद ट्रंप जूनियर ने डोनाल्ड ट्रंप से बात की थी। इनकी गवाही से यह साफ हो सकता है कि क्या डॉक्यूमेंट्री में उनको दंगे भड़काने वाला गलत तरीके से दिखाया गया था।
हालांकि, इन तीनों को अदालत में बुलाना आसान नहीं रहा है। सीक्रेट सर्विस की सुरक्षा के कारण उन्हें समन देना मुश्किल हो गया है। इसलिए अब BBC ने अदालत से उन्हें ईमेल या रजिस्टर्ड डाक के जरिए समन भेजने की इजाजत मांगी है। फिलहाल, वह राष्टपति की कानूनी टीम के जवाब का इंतजार कर रहा है।