बाटा इंडिया अपनी 'रीइग्नाइट इंडिया 2030' योजना के तहत कंपनी में बड़े बदलाव ला रही है। युवाओं को ध्यान में रखते हुए अब कई नई तरह के स्नीकर्स और स्टाइल बाजार में पेश किए जाएंगे।
कंपनी ने 2030 तक अपना टर्नओवर दोगुना करने का लक्ष्य रखा है। नए प्रबंध निदेशक (MD) और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) संजय राव ने बताया कि उनका मकसद आने वाले सालों में मजबूत और स्थिर विकास करना है।
बढ़ाया जा रहा स्नीकर और कैजुअल कलेक्शन
बाटा का इरादा 2030 तक अपने मुनाफे को दोगुना से भी ज्यादा करने का है। मुख्य वित्तीय अधिकारी (CFO) अमित अग्रवाल ने बताया कि सितंबर तिमाही में कंपनी की कमाई में 7.5 फीसदी की मजबूत बढ़ोतरी दर्ज की गई, जो दर्शाता है कि कंपनी सही दिशा में आगे बढ़ रही है।
जेन-Z को आकर्षित करने के लिए बाटा और हश पपीज दोनों ही ब्रांड्स् के तहत स्नीकर्स और कैजुअल जूतों की रेंज का विस्तार किया जा रहा है। इसके साथ ही कंपनी भारत में भी काफी तेजी से अपना विस्तार कर रही है।
फ्रेंचाइजी और कंपनी के अपने स्टोर्स का एक बड़ा नेटवर्क तैयार किया जा रहा है। राव के मुताबिक, वे युवाओं में स्नीकर्स पहनने के बढ़ते रुझान का पूरा फायदा उठाना चाहते हैं।