बैंकों में करोड़ों रुपये का वेतन देकर मुख्य AI अधिकारी नियुक्त करने की मची होड़
दुनियाभर के बैंक इन दिनों मुख्य आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) अधिकारी (CAIO) की भर्ती में तेजी दिखा रहे हैं। HSBC, कॉमनवेल्थ बैंक ऑफ ऑस्ट्रेलिया और लॉयड्स बैंकिंग ग्रुप जैसे बड़े बैंक पिछले कुछ महीनों में ही इस दिशा में काफी आगे बढ़ चुके हैं।
IBM की एक रिपोर्ट बताती है कि अब 76 फीसदी संस्थाओं में यह पद मौजूद है, जबकि पिछले साल यह आंकड़ा सिर्फ 26 फीसदी था। ये आंकड़े साफ दिखाते हैं कि बैंक AI को लेकर कितनी गंभीरता से काम कर रहे हैं।
CAIO का कितना है औसत वेतन?
मुख्य AI अधिकारियों को अच्छा-खासा वेतन मिल रहा है। इनका सालाना औसत वेतन 16 लाख डॉलर (करीब 15 करोड़ रुपये) तक पहुंच रहा है और कुछ मामलों में यह 35 लाख डॉलर (करीब 33 करोड़ रुपये) तक भी जा सकता है।
इतना भारी वेतन के बावजूद योग्य उम्मीदवारों की कमी महसूस हो रही है, खासकर सिंगापुर जैसे शहरों में। इस कमी को पूरा करने के लिए शिकागो यूनिवर्सिटी और ड्यूक यूनिवर्सिटी जैसे संस्थान AI लीडरशिप पर विशेष कार्यक्रम चला रहे हैं।
क्या लंबे समय तक टिकेगी यह भूमिका?
कुछ जानकारों को लगता है कि यह नौकरी लंबे समय तक नहीं टिकेगी। हालांकि, अभी बैंक अपनी AI रणनीतियों को दिशा देने के लिए ऐसे अधिकारियों की जरूरत महसूस कर रहे हैं, क्योंकि टेक्नोलॉजी बहुत तेज़ी से बदल रही है।