बजाज इंटीग्रेटेड हेल्थ सिस्टम्स (BIHS) अपनी नई पहल 'निवारा' के साथ स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में एक बड़ा बदलाव ला रही है। इसे 2,000 से 2,500 करोड़ रुपये के भारी निवेश का समर्थन मिला है।
निवारा का मकसद केवल और अस्पताल बनाना नहीं है, बल्कि वह ज्यादातर रोजमर्रा की स्वास्थ्य जरूरतों, जैसे जांच और सामान्य इलाज को पारंपरिक अस्पतालों के बाहर ही मेडिकल और एम्बुलेटरी सेंटर्स के नेटवर्क के जरिए पूरा करना चाहती है।
पुणे में खोलेगी इंटीग्रेटेड सेंटर
निवारा एक ही प्लेटफॉर्म पर चिकित्सक से मिलने, जांच कराने और फिजियोथेरेपी की सुविधाएं एक साथ उपलब्ध कराएगी। इसका पहला सेंटर जल्द ही पुणे के अमनोरा में खुलने जा रहा है।
इसके बाद होम हेल्थ केयर और डे सर्जरी सेंटर खोले जाएंगे, जहां डायलिसिस और कीमोथेरेपी जैसे इलाज उपलब्ध होंगे।
इससे लोगों को अस्पताल में लंबे समय तक रुके बिना इलाज मिल सकेगा, जिससे उन्हें काफी सहूलियत होगी। उनकी योजना है कि वे अगले 10 सालों में देश के 6 शहरों में अपनी सेवाएं शुरू करेंगे, जबकि 15 सालों के भीतर 10 से ज्यादा शहरों तक पहुंचने का उनका दीर्घकालिक लक्ष्य है।