एक्सिस बैंक ने लॉन्च किया UPI लिमिट मैनेजमेंट फीचर, जानिए क्या होगा फायदा
एक्सिस बैंक ने अपने मोबाइल ऐप पर ग्राहकों के लिए यूनिफाइड पेमेंट इंटरफेस (UPI) लिमिट मैनेजमेंट फीचर शुरू किया है। अब योग्य ग्राहक पैसे भेजने और घरेलू या अंतरराष्ट्रीय व्यापारियों के साथ खरीदारी करने के लिए अलग-अलग UPI लिमिट तय कर सकते हैं। जरूरत पड़ने पर वे इन लिमिट्स को बदल भी पाएंगे।
इस नई सुविधा से आपके लेन-देन ज्यादा सुरक्षित होंगे और आप अपनी जरूरत के हिसाब से उन्हें कस्टमाइज कर पाएंगे।
वेरिफिकेशन के लिए जरूरी होगा पिन और OTP
यह सुविधा शुरुआत में यूजर्स के एक छोटे समूह के लिए शुरू की गई है और बाद में इसे ज्यादा लोगों के लिए भी उपलब्ध कराया जाएगा। इसे आप ऐप के कंट्रोल सेंटर में जाकर 'क्विक लिंक्स' विकल्प पर क्लिक कर 'सेफ्टी सेंटर' में जाने के बाद 'UPI मॉड्यूल' में पा सकते हैं। यहां कोई भी बदलाव करने के लिए एमपिन और OTP वेरिफिकेशन करना जरूरी होगा।
कम लिमिट तय करने से गलती से या अनधिकृत खर्च की चिंता कम हो जाएगी। ये कंट्रोल आपके एक्सिस बैंक खाते से जुड़े सभी UPI ऐप्स पर एक समान काम करेंगे, जिससे आप हर जगह अपने खर्च पर निगरानी रख पाएंगे।