अथुल्या की स्वास्थ्य सेवाओं में विस्तार के लिए करीब 250 करोड़ रुपये जुटाने की योजना
चेन्नई की अथुल्या सीनियर केयर कंपनी ने घोषणा की है कि वह वित्त वर्ष 2027 तक करीब 3 करोड़ डॉलर (करीब 250 करोड़ रुपये) जुटाने की योजना बना रही है।
इस पूंजी का उपयोग अपने बेड की संख्या को बढ़ाने और दक्षिण भारत में कई और जेरियाट्रिक हॉस्पिटल खोलने के लिए किया जाएगा।
कंपनी के संस्थापक और प्रबंध निदेशक कार्तिक नारायण ने बताया कि उनका लक्ष्य 1,500 से 3,500 बेड तक पहुंचना है, ताकि बुजुर्गों की गुणवत्तापूर्ण देखभाल को और भी सुलभ बनाया जा सके।
दणिक्ष भारत में संचालित हैं 12 सेंटर
अथुल्या फिलहाल चेन्नई, बेंगलुरु और कोच्चि जैसे बड़े शहरों में 12 सेंटर चला रही है। इन सेंटरों के जरिए अब तक 45,000 से अधिक बुजुर्गों को सेवाएं दी जा चुकी हैं।
कंपनी को कुल 130 करोड़ रुपये की फंडिंग मिली है, जिसमें मॉर्गन स्टेनली का एक बड़ा निवेश शामिल है। हाल ही में, उसने चेन्नई में अपना पहला जेरियाट्रिक हॉस्पिटल शुरू किया है, जो खास तौर पर 55 साल और उससे अधिक उम्र के लोगों के लिए विशेष देखभाल की सुविधा देता है।
कंपनी की अगली योजना दक्षिण भारत में ऐसे ही 10 और हॉस्पिटल खोलने की है और अगले 4 सालों में वह आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) लाने पर भी विचार कर रही है।