ऐपल ने किया शीर्ष अधिकारियों के वेतन का खुलासा, जानिए टर्नस-कुक को कितना मिलेगा
ऐपल ने हाल ही में खुलासा किया है कि उसके बड़े अधिकारी अगले साल कितना कमाएंगे। नए मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) जॉन टर्नस को वित्त वर्ष 2027 के लिए करीब 5.8 करोड़ डॉलर (करीब 550 करोड़ रुपये) मिलेंगे।
इनमें से ज्यादातर रकम स्टॉक अवॉर्ड्स से आएगी, जबकि उनका वेतन 30 लाख डॉलर (करीब 28.5 करोड़ रुपये) होगी। इसके अलावा, वित्त वर्ष 2026 के लिए उन्हें लगभग 25 लाख डॉलर (करीब 23.75 करोड़ रुपये) के प्रतिबंधित स्टॉक यूनिट (RSU) का एक हिस्सा भी मिलेगा।
15 साल तक CEO रहने के बाद अब कार्यकारी अध्यक्ष बने टिम कुक को वित्त वर्ष 2027 में करीब 4.7 करोड़ डॉलर (करीब 445 करोड़ रुपये) मिलेंगे। इसमें उनका वेतन 20 लाख डॉलर (करीब 19 करोड़ रुपये) होगा और बाकी पैसा स्टॉक के रूप में मिलेगा।
टर्नस का वेतन S&P से जुड़ा
टर्नस को मिलने वाले स्टॉक अवॉर्ड्स का बड़ा हिस्सा ऐपल के S&P 500 के मुकाबले प्रदर्शन से जुड़ा होगा। साथ ही, वित्त वर्ष 2026 के लिए उन्हें 25 लाख डॉलर के अतिरिक्त RSU भी दिए जाएंगे।
कुक का पैकेज थोड़ा खास है। अगर, वे एक साल बाद रिटायर भी हो जाते हैं तो भी वे अपने RSU को रख पाएंगे। CEO के तौर पर उनके पिछले वेतन पैकेज से यह एक बड़ा बदलाव है। कुक के आधे स्टॉक अवॉर्ड्स कंपनी के प्रदर्शन पर निर्भर करेंगे, जबकि बाकी आधे अगले 4 सालों में धीरे-धीरे उन्हें दिए जाएंगे।