AI से 5 साल में आधी दफ्तर की नौकरियां हो सकती हैं खत्म- एंथ्रोपिक CEO
एंथ्रोपिक कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) डारियो अमोदेई ने आर्टिफिशियल इंटेलिसेंज (AI) के कारण नौकरी पर खतरों लेकर चेतावनी दी है। उनका मानना है कि AI शुरुआती स्तर की दफ्तर वाली आधी नौकरियां खत्म कर सकता है, जिससे अगले 5 सालों में बेरोजगारी 20 प्रतिशत तक पहुंच सकती है।
दावोस में अपनी बात रखते हुए अमोदेई ने सरकारों से अपील की है कि वे लोगों को नए कौशल सिखाने और उनका समर्थन करने के लिए कार्यक्रम चलाएं।
उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि इस चुनौती से निपटने के लिए सभी राजनीतिक दलों को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने वॉल स्ट्रीट जर्नल (WSJ) को दिए एक साक्षात्कार में कहा, "हमें जल्द ही पता चलेगा कि विचारधारा इस तकनीक की असलियत के सामने टिक नहीं पाएगी। यह हकीकत के सामने बिल्कुल नहीं टिक पाएगी।"
AI लाएगा नौकरी बाजार में बदलाव
कंपनी को उम्मीद है कि AI नौकरियों के बाजार में बड़े बदलाव लाएगा। फिलहाल, उनके शोध बताते हैं कि AI कंप्यूटर और गणित से जुड़े करीब एक तिहाई काम संभाल रहा है। इसलिए, अभी तक नौकरियों का कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ है, लेकिन अमोदेई कहते हैं कि हमें हालात बिगड़ने का इंतजार नहीं करना चाहिए।
कुछ अन्य टेक विशेषज्ञ सिर्फ नौकरियों के खत्म होने के जोखिम पर बात करने से सहमत नहीं हैं, लेकिन अमोदेई का साफ कहना है कि क्योंकि AI का असर अलग-अलग इलाकों में अलग-अलग ढंग से पड़ रहा है, इसलिए बड़े स्तर पर ठोस कदम उठाना बहुत जरूरी है।