एंथ्रोपिक ने किया H-1B वीजा धारक कर्मचारियों के वेतन का खुलासा
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनी एंथ्रोपिक ने हाल ही में अपने H-1B वीजा धारक कर्मचारियों के वेतन का खुलासा किया है और ये आंकड़े काफी हैरान करने वाले हैं।
वित्त वर्ष 2026 की पहली 2 तिमाहियों के लिए जारी किए गए आधिकारिक दस्तावेजों के मुताबिक, इसमें सबसे ज्यादा मूल वेतन लगभग 13.8 लाख डॉलर (करीब 13.06 करोड़ रुपये) रहा, जबकि सबसे कम वेतन पाने वाले पदों पर भी शुरुआती वेतन 1.27 करोड़ रुपये थी। ये आंकड़े ऐसे समय में सामने आए हैं, जब एंथ्रोपिक इस साल के आखिर में एक संभावित 1,000 अरब डॉलर (करीब 90,000 अरब रुपये) आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) के लिए कमर कस रही है।
लगभग 80 पदों के लिए दस्तावेज दाखिल किए
हालिया दस्तावेजों के अनुसार, कंपनी में अलग-अलग टीमों में करीब 80 पदों को प्रमाणित किया गया था। तकनीकी स्टाफ को इनमें सबसे ज्यादा वेतन मिला, जहां एंट्री-लेवल शोधकर्ताओं का वेतन 1.27 करोड़ रुपये से शुरू होकर वरिष्ठ पदों के लिए 13 करोड़ रुपये से भी ज्यादा था।
यहां तक कि कानूनी और वित्त जैसे छोटे विभागों में भी सालाना शुरुआती मूल वेतन 1.7 करोड़ रुपये से ऊपर रहा।
कुल पैकेज वेतन से कहीं ज्यादा
इन आंकड़ों में कर्मचारियों को मिलने वाले बोनस या स्टॉक ऑप्शंस को शामिल नहीं किया गया है, जिससे उनका कुल पैकेज कहीं ज्यादा हो सकता है।
इससे साफ पता चलता है कि एंथ्रोपिक बेहद प्रतिस्पर्धी AI क्षेत्र में बेहतरीन प्रतिभाओं को आकर्षित करने के लिए हर संभव कोशिश कर रही है। कंपनी चाहती है कि अपने बड़े IPO लॉन्च की ओर बढ़ते हुए वह बाजार में अपनी बढ़त बनाए रखे।