एंथ्रोपिक ने हासिल किया करीब 6,100 अरब रुपये राजस्व, IPO की तैयारी में सबसे आगे
एंथ्रोपिक ने अपना सालाना राजस्व रन रेट बढ़ाकर 65 अरब डॉलर (करीब 6,100 अरब रुपये) कर लिया है। यह आंकड़ा पिछले साल के 9 अरब डॉलर (करीब 850 अरब रुपये) की तुलना में एक बड़ी छलांग है।
कंपनी इस साल के आखिर में अपना आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) लाने की तैयारी में है और उसकी यह जबरदस्त ग्रोथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) सेक्टर में उसकी तेज रफ्तार को साफ दिखाती है।
तिमाही में की करीब 1,100 अरब रुपये की कमाई
कोडिंग को आसान बनाने वाले एंथ्रोपिक के AI टूल्स में जबरदस्त उछाल आया है। पिछली तिमाही में ही कंपनी ने 11.5 अरब डॉलर (करीब 1,100 अरब रुपये) से ज्यादा की कमाई की।
पिछले साल इसी समय यह कमाई केवल 78.70 करोड़ डॉलर (करीब 7,500 करोड़ रुपये) थी, जिससे उसकी ग्रोथ साफ दिखती है। एंथ्रोपिक और OpenAI दोनों ही कंपनियां अपने-अपने IPO की तैयारी में जुटी हैं, लेकिन जानकार मान रहे हैं कि एंथ्रोपिक शायद OpenAI से पहले वॉल स्ट्रीट में अपनी दस्तक दे सकती है।