जोमैटो ने कैश ऑन डिलीवरी पर लगाया 20 रुपये तक का अतिरिक्त शुल्क
जोमैटो ने अब 'पे ऑन डिलीवरी' के लिए ग्राहकों से एक नई फीस वसूलनी शुरू कर दी है, जो ग्राहक नकद में भुगतान करेंगे, उन्हें हर ऑर्डर पर 5 से लेकर 20 रुपये तक का अतिरिक्त शुल्क देना होगा।
यह नया शुल्क बिल में बाकी शुल्कों, जैसे प्लेटफॉर्म चार्ज और वस्तु एवं सेवा कर (GST) के साथ अलग से दिखेगा।
कंपनी ने यह कदम तब उठाया है, जब उसे रैपिडो के ओनली और फ्लिपकार्ट के ईट इन जैसे प्रतिद्वंद्वियों से कड़ी टक्कर मिल रही है। कंपनी इसके जरिए कमाई के नए तरीके तलाश रही है।
सालाना हो सकती है 456 करोड़ रुपये की कमाई
जोमैटो को हर दिन लाखों ऑर्डर मिलते हैं। ऐसे में नकद भुगतान पर लगने वाली यह छोटी-सी फीस भी अच्छी-खासी कमाई दिला सकती है।
अगर, बड़ी संख्या में ग्राहक नकद से भुगतान करते हैं तो जोमैटो को इस फीस से रोजाना 1.25 करोड़ रुपये या सालाना 456 करोड़ रुपये तक मिल सकते हैं।
हालांकि, अभी तक स्विगी ने ऐसा कोई शुल्क लागू नहीं किया है। अब देखना होगा कि क्या वह भी जोमैटो की तरह ही इस रास्ते पर चलेगी या अपने पुराने तरीकों पर ही कायम रहेगी?