सेमीकंडक्टर चिप्स की वजह से दक्षिण कोरियाई बाजार में उछाल
बुधवार (12 अगस्त) को दक्षिण कोरिया का कोस्पी शेयर बाजार 3.46 फीसदी की बढत के साथ बंद हुआ। यह 5 अगस्त के बाद से अपने सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंचा है।
बाजार में यह लगातार तीसरे दिन की तेजी है, जिसकी मुख्य वजह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक से जुड़ी बढ़ती चर्चा और सेमीकंडक्टर चिप्स की जबरदस्त मांग को माना जा रहा है।
विदेशी निवेशकों ने किया करीब 6,000 करोड़ रुपये का निवेश
विदेशी निवेशकों ने दक्षिण कोरिया के शेयरों में 899.6 अरब वॉन (करीब 6,000 करोड़ रुपये) की भारी खरीदारी की। इस दौरान इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र की दिग्गज कंपनियां सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स और SK हाईनिक्स ने बाजार को मजबूती दी क्योंकि ये दोनों ही AI हार्डवेयर बनाने वाली प्रमुख कंपनियां हैं।
केवल सेमीकंडक्टर कंपनियां ही नहीं, बल्कि बैटरी बनाने वाली LG एनर्जी सॉल्यूशन और कार कंपनियों ने भी अच्छा प्रदर्शन किया। हालांकि, सभी शेयरों में तेजी नहीं दिखी। कुछ शेयर या तो थोड़े गिरे या अपनी जगह बने रहे।
दूसरी ओर, दक्षिण कोरियाई वॉन, डॉलर के मुकाबले थोड़ा कमजोर हुआ और बॉन्ड यील्ड स्थिर रहे।