LOADING...
अमेजन हजारों कर्मचारियों की छंटनी के बाद OpenAI में बड़े निवेश की कर रही तैयारी
अमेजन OpenAI में बड़े निवेश की कर रही तैयारी

अमेजन हजारों कर्मचारियों की छंटनी के बाद OpenAI में बड़े निवेश की कर रही तैयारी

Jan 30, 2026
01:28 pm

क्या है खबर?

अमेजन ने हाल ही में हजारों कर्मचारियों की छंटनी का ऐलान किया है। इस बीच अब कंपनी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) पर बड़ा दांव लगाने की तैयारी कर रही है। वॉल स्ट्रीट जनरल (WSJ) के मुताबिक, अमेजन OpenAI में करीब 50 अरब डॉलर (लगभग 4,600 अरब रुपये) तक निवेश करने को लेकर बातचीत कर रही है। यह बातचीत ऐसे समय हो रही है, जब कंपनी लागत घटाने के साथ-साथ भविष्य की तकनीक में निवेश बढ़ाने की रणनीति अपना रही है।

छंटनी

16,000 कर्मचारियों की छंटनी

अमेजन ने पुष्टि की है कि वह करीब 16,000 कॉर्पोरेट कर्मचारियों की नौकरियां खत्म करेगी। इससे पहले अक्टूबर में भी बड़े स्तर पर छंटनी हो चुकी है। इसके बावजूद कंपनी AI को अपने भविष्य का अहम आधार मान रही है। अमेजन का मानना है कि आने वाले वर्षों में AI न सिर्फ उसके बिजनेस मॉडल को बदलेगा, बल्कि कस्टमर सर्विस, लॉजिस्टिक्स और इंटरनल सिस्टम को भी ज्यादा तेज और असरदार बनाएगा।

साझेदारी

OpenAI में निवेश से बढ़ेगी साझेदारी

रिपोर्ट के अनुसार, अमेजन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) एंडी जेस्सी खुद OpenAI के CEO सैम ऑल्टमैन के साथ इस निवेश बातचीत को आगे बढ़ा रहे हैं। अगर यह डील पूरी होती है, तो अमेजन OpenAI के सबसे बड़े निवेशकों में शामिल हो सकता है। इससे पहले भी अमेजन की क्लाउड यूनिट अमेजन वेब सर्विसेज (AWS) और OpenAI के बीच अरबों डॉलर की सर्विस डील हो चुकी है, जो दोनों कंपनियों के रिश्ते को और मजबूत करती है।

Advertisement

अन्य

कई AI कंपनियों पर दांव

अमेजन ने AI में निवेश के लिए सिर्फ OpenAI पर निर्भर रहने का फैसला नहीं किया है। कंपनी पहले ही एंथ्रोपिक नाम की AI फर्म में करीब 8 अरब डॉलर (लगभग 700 अरब रुपये) लगा चुकी है। इसके अलावा, अमेजन बड़े डाटा सेंटर्स और AI इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी भारी खर्च कर रही है। इससे साफ है कि भले ही नौकरियां कम हो रही हों, लेकिन अमेजन का भविष्य AI पर टिकता नजर आ रहा है।

Advertisement