अमेजन ने बेंगलुरु में खोला एशिया में अपना सबसे बड़ा कार्यालय, जानिए क्या मिलेगी सुविधा
क्या है खबर?
अमेजन ने बेंगलुरु में एशिया के सबसे बड़े कार्यालय के उद्घाटन के साथ भारत में अपनी उपस्थिति का विस्तार किया है। यह उसका दूसरा सबसे बड़ा कार्यालय है। इसका उद्घाटन कर्नाटक के लघु एवं मध्यम उद्योग मंत्री डॉ. एमबी पाटिल ने किया। कंपनी ने बताया कि कार्यालय 11 लाख वर्ग फीट में फैला है, जिसमें 7,000 से अधिक कर्मचारियों के बैठने की व्यवस्था है। यह ई-कॉमर्स, संचालन, भुगतान, टेक्नोलॉजी और विक्रेता सेवाओं सहित कई व्यावसायिक क्षेत्रों को सहायता प्रदान करेगी।
प्रतिबद्धता
कंपनी का भारतीय बाजार पर विशेष ध्यान
यह कार्यालय केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से लगभग 15 किलोमीटर दूर स्थित है और 12 मंजिला यह परिसर 5 एकड़ भूमि पर फैला हुआ है। यह नया कार्यालय भारत के प्रति अमेजन की दीर्घकालिक प्रतिबद्धता को दर्शाता है। यहां उसने पहले ही 40 अरब डॉलर (करीब 3,600 अरब रुपये) से अधिक का निवेश किया है और 2030 तक 35 अरब डॉलर (करीब 3,150 अरब रुपये) का अतिरिक्त निवेश करने की योजना है।
सुविधाएं
नए कार्यालय में मिलेंगी ये सुविधाएं
नए कैंपस को सहयोग और लचीलेपन को बढ़ावा देने के लिए डिजाइन किया गया है। इसमें आधुनिक कार्यक्षेत्र हैं, जिनमें मीटिंग रूम, ब्रेकआउट जोन और इवेंट स्पेस शामिल हैं, जहां 200 से अधिक लोग आ सकते हैं। कार्यालय में कर्मचारियों के लिए बास्केटबॉल और पिकलबॉल कोर्ट, एक एम्फीथिएटर, हरे-भरे बाहरी क्षेत्र और सामुदायिक स्थान जैसी कई सुविधाएं भी उपलब्ध हैं। इसके अलावा परिसर में 2 मंजिलों में फैले कैफेटेरिया हैं, जो कर्मचारियों के लिए वैश्विक व्यंजन पेश करते हैं।