स्पेस-X के IPO से सऊदी अरब के राजकुमार की संपत्ति में आया भारी उछाल
स्पेस-X ने अब तक का सबसे बड़ा आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) लॉन्च कर दिया है, जिससे सऊदी अरब राजकुमार अल वालिद बिन तलाल की दौलत में भारी उछाल आया है। उनकी कुल संपत्ति अब 27 अरब डॉलर (करीब 2,550 अरब रुपये) के पार पहुंच गई है।
कंपनी के शेयर 19 फीसदी चढ़कर 160.95 डॉलर (करीब 15,300 रुपये) पर बंद हुए, जिससे कंपनी ने कुल 75 अरब डॉलर (करीब 7,100 रुपये) जुटाए।
इस लिस्टिंग के बाद तलाल की कंपनी किंगडम होल्डिंग के पास स्पेस-X के 6.8 अरब डॉलर (करीब 600 अरब रुपये) के शेयर हो गए हैं, जो उसकी कुल कीमत का करीब आधा हिस्सा है।
किंगडम होल्डिंग के मूल्यांकन में हुआ इजाफा
किंगडम होल्डिंग के शेयरों में भी 5 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई, जिससे उसका मूल्यांकन 14.9 अरब डॉलर (करीब 1,400 अरब रुपये) तक जा पहुंचा। इससे राजकुमार अल वालिद की कुल संपत्ति भी 10 साल के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गई है।
उनके अलावा, खाड़ी देशों के निवेशकों में भी अब निवेश का तरीका बदलता दिख रहा है। सऊदी अरब का विशाल पब्लिक इन्वेस्टमेंट फंड भी किंगडम होल्डिंग में हिस्सेदारी रखता है, वहीं दूसरी ओर, अबू धाबी की MGX, एंथ्रोपिक PBC, OpenAI और XAI जैसी कंपनियों में हिस्सेदारी रखती है।
कतर ने भी एंथ्रोपिक और XAI में पैसा लगाया है। ये सारे निवेश बताते हैं कि यह क्षेत्र अब तेल पर निर्भर रहने के बजाय नई तकनीक और इनोवेशन की ओर बढ़ रहा है।