AI के कारण भारत के नौकरी बाजार में बड़ा उलटफेर
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) भारत के नौकरी बाजार में हलचल मचा रहा है। यह डाटा एनोटेशन और AI से संचालित IT सेवाओं जैसे क्षेत्रों में नई भूमिकाएं जोड़ रहा है, लेकिन यह एंट्री-लेवल के कई पद खत्म भी कर रहा है।
नोमुरा रिपोर्ट के अनुसार, 2022 से 2026 के बीच पूरे एशिया में AI ने जितनी नौकरियां खत्म कीं, उससे कहीं ज्यादा नई नौकरियां बनाईं।
हालांकि, भारत में जो नई भूमिकाएं सामने आ रही हैं, वे उन नौकरियों की जगह नहीं ले पा रही हैं, जो AI की वजह से खत्म हो रही हैं। इसका मतलब है कि नए ग्रेजुएट्स के लिए नौकरी की दुनिया में कदम रखना मुश्किल हो रहा है।
IT में कुल भर्ती 1.4 लाख पर सिमटी
एक हालिया सर्वे में सामने आया है कि भारत की आधे से ज्यादा IT कंपनियां जूनियर कर्मचारियों की भर्ती कम कर रही हैं, जबकि सीनियर कर्मचारियों की भर्ती में खास बदलाव नहीं आया है।
IT सेक्टर में कुल भर्तियां तेजी से गिरी हैं, जो वित्त वर्ष 2022 में 6 लाख थीं, वे वित्त वर्ष 2026 में केवल 1.4 लाख रह गईं। सबसे ज्यादा असर जूनियर IT भूमिकाओं और रोजमर्रा के बैक ऑफिस कामों पर पड़ा है।
इसकी वजह यह है कि कंपनियां अब ऐसे लोग ढूंढ रही हैं, जो AI के साथ काम कर सकें या उन कामों को संभाल सकें, जिन्हें तकनीक अभी तक पूरी तरह नहीं कर पा रही है।