अमेरिकी महंगाई कम होने से बिटकॉइन में आया उछाल
बिटकॉइन बुधवार (15 जुलाई) को 64,700 डॉलर (करीब 61 लाख रुपये) के आंकड़े को पार कर गया। दरअसल, अमेरिकी महंगाई के आंकड़े उम्मीद से कम रहे, जिससे फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों में तेज बढ़ोतरी की चिंताएं थोड़ी कम हुईं और डॉलर भी कमजोर पड़ गया।
एथेरियम की कीमत भी 5.3 फीसदी बढ़कर 1,875 डॉलर (करीब 1.8 लाख रुपये) हो गई। इस उछाल के साथ कुल क्रिप्टोकरेंसी मार्केट में 3.2 फीसदी की बढ़त दर्ज हुई और इसका बाजार मूल्य 2,220 अरब डॉलर (करीब 2.1 लाख अरब रुपये) पर पहुंच गया। निवेशक अभी भी आर्थिक संकेतों पर पैनी नजर बनाए हुए हैं।
ऑल्टकॉइंस में 6.42 फीसदी तक की बढ़त
दिन में बिटकॉइन 62,250 से लेकर 65,000 डॉलर (करीब 59 लाख से 62 लाख रुपये के बीच) से थोड़ा ऊपर तक ट्रेड हुआ। हालांकि, बाद में इसमें थोड़ी गिरावट भी देखने को मिली।
BNB, XRP, सोलाना और डॉजकॉइन जैसे ऑल्टकॉइंस में भी 6.42 फीसदी तक की तेजी आई। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि अब सभी की निगाहें इस महीने के आखिर में आने वाली अमेरिकी उत्पादक मूल्य रिपोर्ट और फेडरल रिजर्व की नीतिगत बैठक पर टिकी रहेंगी।
फिर भी, मध्य पूर्व के तनाव या तेल की बढ़ती कीमतों जैसे जोखिम क्रिप्टोकरेंसी प्रेमियों के लिए आगे की राह मुश्किल बना सकते हैं।