एनवीडिया ने शुरू की चीन को H200 AI चिप्स की आपूर्ति
काफी महीनों की देरी के बाद आखिरकार एनवीडिया ने चीन को अपने एडवांस H200 आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) चिप्स भेजने शुरू कर दिए हैं।
अमेरिकी अधिकारियों को यह चिंता थी कि इन चिप्स का इस्तेमाल सैन्य उद्देश्यों के लिए हो सकता है, जिस वजह से यह देरी हुई थी।
हालांकि, अमेरिका ने मई में ही अलीबाबा, टेनसेंट और बाइटडांस जैसी करीब 10 बड़ी चीनी तकनीकी कंपनियों को इन चिप्स खरीदने की मंजूरी दे दी थी, लेकिन तकनीकी के गलत इस्तेमाल की आशंका के चलते अब तक इनकी खेप रोकी गई थी।
अमेरिकी सांसदों ने निर्यात नियंत्रण की खामियों पर जताई चिंता
कुछ अमेरिकी सांसदों ने निर्यात नियंत्रण (एक्सपोर्ट कंट्रोल) में मौजूद कमियों पर चिंता जताई है। उनका कहना है कि इन कमियों की वजह से प्रतिबंधित तकनीक चीन तक पहुंच सकती है।
इन सांसदों ने यह भी बताया कि काफी लंबे समय से किसी नई चीनी कंपनी को नियंत्रण सूची में शामिल नहीं किया गया है।
दूसरी तरफ, अमेरिकी अधिकारी जेफरी केसलर ने कहा कि नियमों को लागू करने का काम जारी है और अमेरिका-चीन के बीच तकनीक को लेकर बढ़ते तनाव को देखते हुए आगे और भी सख्त नियम लाए जाएंगे।