जेरोधा फंड हाउस का नाम बदलकर किया जेरोधा CASE फंड्स
जेरोधा फंड हाउस का नाम बदलकर अब जेरोधा CASE फंड्स हो गया है। ऐसा इसलिए हुआ है क्योंकि CASE प्लेटफॉर्म्स अब इसका सह प्रायोजक बन गया है।
कंपनी ने बताया कि उनकी सभी म्यूचुअल फंड स्कीम्स के नाम अपडेट किए जाएंगे, लेकिन उनके निवेश का तरीका और सिद्धांत बिल्कुल नहीं बदलेंगे।
12 लाख से ज्यादा ग्राहकों को संभाल रहा प्लेटफॉर्म
जेरोधा CASE फंड्स, जेरोधा ब्रोकिंग और CASE प्लेटफॉर्म्स का एक संयुक्त उद्यम (CV) है। यह पहले से ही 12 लाख से ज्यादा निवेशकों के 20,000 करोड़ रुपये का प्रबंधन कर रहा है।
यह इंडेक्स फंड्स, एक्सचेंज-ट्रेडेड फंड (ETF) और लक्ष्य आधारित निवेश पर ज्यादा ध्यान देता है और इसके 65 फीसदी से ज्यादा ग्राहक छोटे शहरों से हैं।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) विशाल जैन ने बताया कि फंड हाउस के 65 फीसदी से ज्यादा निवेशक 'B30' शहरों (छोटे शहरों) से हैं। कंपनी ने यह भी कहा कि वह पैसिव इंवेस्टमेंट प्रोडक्ट्स, डायरेक्ट प्लांस और टेक्नोलॉजी आधारित निवेश समाधानों पर अपना ध्यान बनाए रखेगी।