अडाणी समूह भारत में करेगा हेलीकॉप्टर निर्माण, इस कंपनी से मिलाया हाथ
क्या है खबर?
अडाणी समूह और इटली की एयरोस्पेस दिग्गज कंपनी लियोनार्डो ने भारत में हेलीकॉप्टर निर्माण प्लांट स्थापित करने के लिए एक रणनीतिक साझेदारी की घोषणा की है। इस कदम का उद्देश्य 'मेक इन इंडिया' पहल को बढ़ावा देना और रक्षा उत्पादन में आत्मनिर्भरता बढ़ाना है। यह नया प्लांट विशेष रूप से भारतीय सशस्त्र बलों की आवश्यकताओं को पूरा करेगी और हेलीकॉप्टर उत्पादन में आत्मनिर्भर बनने के भारत के लक्ष्य में महत्वपूर्ण योगदान देगी।
उद्देश्य
साझेदारी के तहत ये सुविधाएं मिलेंगी
अडाणी डिफेंस एंड एयरोस्पेस और लियोनार्डो ने मंगलवार को दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम में साझेदारी के लिए एक समझौता ज्ञापन (MOU) पर हस्ताक्षर किए। यह साझेदारी भारतीय सशस्त्र बलों की आवश्यकताओं पर केंद्रित है। इसमें विशेष रूप से लियोनार्डो के एडवांस AW169M और AW109 ट्रेकर M हेलीकॉप्टर्स शामिल हैं। इस सहयोग के तहत भारत में चरणबद्ध स्वदेशीकरण, मजबूत रखरखाव, मरम्मत और पुनर्निर्माण (MRO) क्षमताएं और व्यापक पायलट प्रशिक्षण सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।
आवश्यकता
कितनी होगी हेलीकॉप्टर्स की आवश्यकता?
भारत में हेलीकॉप्टर्स की संख्या देश की जनसंख्या के हिसाब से 250 से भी कम है। अगले दशक तक देश को हर साल लगभग 100 हेलीकॉप्टर्स की आवश्यकता होगी। अडाणी डिफेंस एंड एयरोस्पेस के निदेशक जीत अडाणी ने कहा कि यह साझेदारी एक ऐसे विमानन पारिस्थितिकी तंत्र की नींव रखती है, जो नागरिक और रक्षा दोनों आवश्यकताओं को पूरा करता है। उन्होंने भारत में एक एकीकृत पारिस्थितिकी तंत्र के निर्माण में लियोनार्डो के साथ अपने साझा उद्देश्य पर जोर दिया।