XDOF को मिली 1.2 अरब डॉलर के मूल्यांकन पर फंडिंग
UC बर्कले के शोधकर्ता मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) फिलिप वू और मुख्य प्रौद्योगिक अधिकारी (CTO) फ्रेड शेंटू ने मिलकर XDOF नाम का एक रोबोटिक्स डाटा स्टार्टअप शुरू किया था।
रिपोर्ट के अनुसार, यह स्टार्टअप अब 1.2 अरब डॉलर (करीब 115 अरब रुपये) के मूल्यांकन पर अपना सीरीज B फंडिंग राउंड पूरा करने जा रहा है। इस फंडिंग राउंड की अगुवाई 8VC कर रहा है।
बता दें कि कुछ ही महीने पहले कंपनी ने थ्राइव कैपिटल और एंड्रेसेन होरोविट्ज जैसे जाने-माने निवेशक की मदद से 7 करोड़ डॉलर (करीब 660 अरब रुपये) का सीरीज A राउंड भी सफलतापूर्वक पूरा किया था।
सालाना राजस्व 5 करोड़ डॉलर पहुंचा
XDOF ने बहुत तेजी से तरक्की की है। कंपनी का सालाना राजस्व 5 करोड़ डॉलर (करीब 475 करोड़ रुपये) के करीब पहुंच गया है। फिलहाल यह 20 ग्राहकों के साथ काम कर रही है, जिनमें कई बड़ी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) लैब भी शामिल हैं। इस रफ्तार को बनाए रखने के लिए कंपनी दुनियाभर से टेलीऑपरेटर और डाटा कलेक्टर की भर्ती कर रही है।
कंपनी का मुख्य विचार गेलो नाम का एक प्लेटफॉर्म है। इस प्लेटफॉर्म पर लोग दूर बैठकर रोबोट को चलाते हैं, ताकि असली दुनिया का ट्रेनिंग डाटा तैयार हो सके।
वर्तमान में रोबोटिक्स के क्षेत्र में ऐसे डाटा की बहुत बड़ी कमी है। इसके अलावा, XDOF ने UC बर्कले की AI रिसर्च लैब के साथ हाथ मिलाया है। दोनों मिलकर ABC नाम का एक डेटासेट लॉन्च करने वाले हैं, जो रोबोट के लिए अब तक का सबसे बड़ा और अच्छी गुणवत्ता का डेटासेट बन सकता है।