LOADING...
एक्सेंचर का बड़ा फैसला, AI का उपयोग नहीं करने वाले कर्मचारियों का रुकेगा प्रमोशन
एक्सेंचर का बड़ा फैसला

एक्सेंचर का बड़ा फैसला, AI का उपयोग नहीं करने वाले कर्मचारियों का रुकेगा प्रमोशन

Feb 20, 2026
04:36 pm

क्या है खबर?

टेक कंपनी एक्सेंचर कर्मचारियों द्वारा काम के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का उपयोग और बढ़ाना चाहती है। कंपनी ने कुछ समय पहले ही AI के इस्तेमाल को बढ़ाने की रणनीति के तहत करीब 11,000 कर्मचारियों की छंटनी की थी। अब कंपनी ने AI को और तेजी से अपनाने के लिए नया कदम उठाया है। इस फैसले का असर खासतौर पर वरिष्ठ कर्मचारियों पर पड़ेगा, क्योंकि कंपनी चाहती है कि नेतृत्व स्तर पर AI का नियमित उपयोग हो।

नियम

प्रमोशन के लिए AI इस्तेमाल जरूरी

रिपोर्ट के अनुसार, एक्सेंचर ने एसोसिएट डायरेक्टर और सीनियर मैनेजर स्तर के कर्मचारियों को साफ संदेश दिया है कि प्रमोशन के लिए AI टूल्स का नियमित इस्तेमाल जरूरी होगा। कंपनी ईमेल और अन्य कामों में AI के उपयोग को भी देखेगी। अगर कोई कर्मचारी AI नहीं अपनाता है, तो उसके आगे बढ़ने की संभावना कम हो सकती है। यानी अब प्रमोशन केवल अनुभव पर नहीं, बल्कि तकनीक अपनाने पर भी निर्भर करेगा।

अन्य कंपनियां

दूसरी कंपनियां भी इसी राह पर

एक्सेंचर अकेली कंपनी नहीं है जो AI पर जोर दे रही है। माइक्रोसॉफ्ट और गूगल जैसी बड़ी कंपनियां भी कर्मचारियों से AI का इस्तेमाल बढ़ाने को कह चुकी हैं। माइक्रोसॉफ्ट ने तो इसे अब वैकल्पिक नहीं बताया है। गूगल के CEO ने भी कहा था कि जो लोग AI नहीं अपनाएंगे, वे पीछे रह सकते हैं। इससे साफ है कि टेक इंडस्ट्री में काम करने का तरीका तेजी से बदल रहा है।

Advertisement

निगरानी

AI इस्तेमाल पर होगी निगरानी

रिपोर्ट में कहा गया है कि एक्सेंचर अपने इन-हाउस प्लेटफॉर्म के जरिए कर्मचारियों के AI इस्तेमाल को ट्रैक करेगी। कंपनी यह देख सकेगी कि कौन कितना AI टूल्स का उपयोग कर रहा है। हालांकि, कुछ देशों और सरकारी प्रोजेक्ट्स से जुड़े कर्मचारियों को इस नियम से छूट दी गई है। फिलहाल यह साफ नहीं है कि भविष्य में एंट्री लेवल कर्मचारियों पर भी इसी तरह का नियम लागू होगा या नहीं।

Advertisement