दिग्गज निवेशकों ने भारत के AI विरोधी होने के दावे को ठकराया गलत
बेंगलुरु में मनीकंट्रोल स्टार्टअप कॉन्क्लेव 2026 के दौरान, एक्सेल, एलिवेशन कैपिटल और लाइटस्पीड के प्रमुख निवेशकों ने इस दावे को गलत बताया कि भारत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) विरोधी है।
उन्होंने माना कि अमेरिका के मुकाबले यहां AI इंफ्रास्ट्रक्चर बनाने वाली बड़ी कंपनियां कम हैं, फिर भी उन्हें इस तकनीक से चलने वाले ऐप, डाटा सेंटर और ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में बड़ी संभावनाएं दिख रही हैं।
लाइटस्पीड के पार्टनर राहुल तनेजा ने साफ कहा कि भारत में भले ही फाउंडेशनल मॉडल बनाने वाली केवल एक कंपनी हो, लेकिन ऊर्जा, डाटा सेंटर, कनेक्टिविटी, टूलिंग, प्लेटफॉर्म और ऐप जैसे क्षेत्रों में ढेर सारे अवसर हैं।
AI स्टार्टअप आसानी से जुटा रहे फंड
निवेशकों ने बताया कि असली मौका इस बात में है कि AI को अलग-अलग सेक्टर्स में कैसे शामिल किया जाता है और भारतीय संस्थापक कैसे इस तकनीक से घरेलू बाजार की खास समस्याओं को हल करते हैं।
एक्सेल के पार्टनर प्रशांत प्रकाश ने कहा कि इनोवेशन की तरफ साफ रुझान दिख रहा है, जिससे ज्यादा फंडिंग आ रही है। एलिवेशन कैपिटल के पार्टनर मृदुल अरोड़ा ने बताया कि उनके नए निवेशों में कई 'AI-नेटिव' कंपनियां हैं, जो स्थानीय दिक्कतों को हल करने के लिए टेक का इस्तेमाल कर रही हैं।