पढ़ाई में AI का उपयोग करने के लिए ABP ने योलर्न के साथ की साझेदारी
ABP एजुकेशन ने नोएडा के आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) स्टार्टअप योलर्न डॉट AI (YoLearn.ai) के साथ हाथ मिलाया है। इसका मकसद स्कूली पढ़ाई को व्यक्तिगत और सभी के लिए सुलभ बनाना है।
इस साझेदारी का मुख्य लक्ष्य भारत के 25 करोड़ 12वीं तक के छात्रों तक स्मार्ट और उनकी जरूरतों के हिसाब से ट्यूशन पहुंचाना है। इसे भारत में डिजिटल शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
करीब 10 करोड़ छात्रों तक बनाई पहुंच
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) स्नातकों ने YoLearn.ai को शुरू किया था। ABP और योलर्न के संयुक्त नेटवर्क के तहत यह प्लेटफॉर्म पहले से ही 25,000 स्कूलों के करीब 10 करोड़ छात्रों तक अपनी पहुंच बना चुका है। उनका यह वॉयस-फर्स्ट प्लेटफॉर्म अंग्रेजी, हिंदी या किसी भी 22 भारतीय भाषाओं में काम करता है।
यह शिक्षकों को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE), इंडियन सर्टिफिकेट ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (ICSE) और राज्य बोर्डों के छात्रों के लिए पाठ योजना बनाने और उनका मूल्यांकन करने में भी सहायता देता है। ABP के साथ आने से उनके AI टूल्स 2026-27 के शैक्षणिक वर्ष से और भी बड़े पैमाने पर उपलब्ध होंगे।