LPG सब्सिडी के लिए 1 अक्टूबर से आधार बायोमेट्रिक सत्यापन कराना जरूरी
1 अक्टूबर से आपको सब्सिडी वाला LPG सिलेंडर लेना जारी रखना है तो इसके लिए आपको आधार आधारित बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण करवाना जरूरी होगा।
सरकार का कहना है कि इस कदम से यह सुनिश्चित होगा कि सब्सिडी का लाभ केवल उन्हीं लोगों को मिले, जो इसके पात्र हैं और घरेलू सिलेंडरों का दुरुपयोग रोका जा सके।
अभी तक लगभग 27.43 करोड़ उपभोक्ता यह प्रक्रिया पूरी कर चुके हैं। इस प्रक्रिया को पूरा करने के लिए आप अपने अगले सिलेंडर की डिलीवरी के समय डिलीवरी मैन के पास मौजूद तेल कंपनी के मोबाइल ऐप का इस्तेमाल कर सकते हैं या फिर अपने नजदीकी वितरक के कार्यालय जाकर भी इसे करवा सकते हैं।
बिना सब्सिडी के खरीद सकते हैं सिलेंडर
अगर, आपने अभी तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं की है तो घबराने की जरूरत नहीं है। आप LPG सिलेंडर तो खरीद सकते हैं, लेकिन सब्सिडी वाली या सरकार द्वारा निर्धारित कीमत पर रिफिल की बुकिंग तब तक नहीं हो पाएगी, जब तक आप आधार प्रमाणीकरण पूरा नहीं कर लेते।
एक बार यह प्रक्रिया पूरी हो जाने पर आपकी सामान्य सब्सिडी फिर से मिलने लगेगी। मंत्रालय ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे 1 अक्टूबर से पहले यह औपचारिकता पूरी कर लें, ताकि सब्सिडी वाले LPG रिफिल की बुकिंग में किसी तरह की बाधा न आए।