स्पेस-X के शेयरों में 2 दिनों में ही 43 फीसदी का उछाल
स्पेस-X के हाल ही में लॉन्च हुए आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) ने शेयर बाजार में धमाल मचा दिया है। इसके शेयरों में महज 2 दिनों में ही 43 फीसदी की जोरदार बढ़ोतरी देखी गई, जिससे कंपनी का कुल मूल्यांकन 2500 अरब डॉलर (करीब 2.3 लाख अरब रुपये) हो गया।
ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट के अनुसार, लोगों ने 100 अरब डॉलर (करीब 9,500 अरब रुपये) से भी ज्यादा के शेयरों की मांग की थी, जिससे इस IPO को लेकर बाजार में जबरदस्त उत्साह दिख रहा था।
कहां कितने ग्राहकों को मिले शेयर?
खुदरा निवेशकों ने इस IPO में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। अकेले रॉबिनहुड प्लेटफॉर्म पर ही 8.55 लाख से ज्यादा ग्राहक शेयर चाहते थे। इसने बताया उसके IPO एक्सेस प्लेटफॉर्म के जरिए आवेदन करने वाले हर ग्राहक को कम से कम एक शेयर जरूर मिला।
वैश्विक स्तर पर भी इस निर्गम की जबरदस्त मांग रही। जापानी निवेशकों को 2.2 अरब डॉलर (करीब 200 अरब रुपये) के शेयर आवंटित हुए, वहीं यूनाइटेड किंगडम (UK) और यूरोप के खरीदारों को उनकी मजबूत दिलचस्पी के बावजूद कम आवंटन मिल पाया। खास बात यह रही कि दक्षिण कोरिया जैसे कुछ क्षेत्रों के निवेशक पूरी तरह से इससे वंचित रह गए।