चलती कार में एंड्रॉयड ऑटो या ऐपल कारप्ले से फोन क्यों नहीं होता कनेक्ट? जानिए वजह
क्या है खबर?
आधुनिक कारों में एंड्रॉयड ऑटो और ऐपल कारप्ले स्मार्टफोन के अनुभव को डैशबोर्ड तक लाने का एक सहज तरीका प्रदान करते हैं। दोनों ही चालकों को स्मार्टफोन को इंफोटेनमेंट सिस्टम से जोड़कर म्यूजिक, नेविगेशन और हैंड्स-फ्री कम्यूनिकेशन तक आसान पहुंच प्रदान करते हैं। गाड़ी चलाते समय आपने फोन के इंफोटेनमेंट सिस्टम से कनेक्ट नहीं होने की समस्या झेली होगी, लेकिन यह पता नहीं होगा ऐसा क्यों होता है? आइये जानते हैं कार ड्राइव करते समय यह समस्या क्यों आती है।
कारण
क्यों आती है यह समस्या?
एंड्रॉयड ऑटो और ऐपल कारप्ले को कार के इंटरफेस के माध्यम से आवश्यक सुविधाओं तक पहुंच प्रदान करने के साथ सुरक्षा को ध्यान में रखकर डिजाइन किया है। दौड़ती गाड़ी में आप अपने डिवाइस को इससे कनेक्ट नहीं कर पाते, जिन लोगों को इसकी पीछे की वजह पता नहीं है, वे झुंझला सकते हैं। यह कोई समस्या नहीं, बल्कि कार निर्माता की ओर से किया गया एक सुरक्षात्मक उपाय है, जो चालक का ध्यान भटकने से रोकता है।
समाधान
दिक्कत आने पर क्या करें?
निर्माताओं ने जानबूझकर गाड़ी के चलते समय कनेक्टिविटी सुविधा को निष्क्रिय कर दिया है। उनकी चिंता यह है कि अपने डिवाइस को कनेक्ट करने का प्रयास ड्राइविंग से ध्यान भटका सकता है, जिससे हादसा होने की संभावना है। अगर, आपको भी यह समस्या आ रही है तो पहले अपनी कार को किसी स्थान पर रोकें और इसके बाद एंड्रॉयड ऑटो या ऐपल कारप्ले से कनेक्ट करने का प्रयास करें। यात्रा शुरू करने से पहले भी कनेक्ट करना सही रहता है।