LOADING...
TVS एनटॉर्क 125 के बेस मॉडल से कितना अलग है रेस XP? देखें अतिरिक्त फीचर्स
ये फीचर्स करते हैं एनटॉर्क 125 रेस XP को बेस मॉडल से अलग

TVS एनटॉर्क 125 के बेस मॉडल से कितना अलग है रेस XP? देखें अतिरिक्त फीचर्स

Jul 11, 2021
09:30 pm

क्या है खबर?

TVS मोटर ने हाल ही में भारतीय बाजार में नये एनटॉर्क 125 रेस XP स्कूटर को लॉन्च किया था। इसे अपडेटेड स्मार्टक्सोनेक्ट कनेक्टिविटी फीचर के साथ पेश किया गया है। यह स्कूटर कई मामलों में अपने बेस मॉडल से अलग है। इसलिए आज हम आपको TVS के एनटॉर्क 125 रेस XP मे बेस मॉडल से अतिरिक्त दिए गए फीचर्स के बारे में बताने जा रहे हैं। आइये, इन फीचर्स पर एक नजर डालते हैं।

डिजाइन

एनटॉर्क 125 रेस XP में है दो राइडिंग मोड

TVS एनटॉर्क 125 रेस XP संभवत: पहला 125cc स्कूटर है जिसमें राइडिंग मोड टेक्नोलॉजी है। इसमें अपडेटेड UI और UX से एक राइड मोड-आधारित लाइव डैशबोर्ड फीचर मिलता है। इसके अलावा यह स्कूटर डुअल राइडिंग मोड्स- स्ट्रीट और रेस के साथ आता है। स्कूटर में हाई पावर वाले स्टील और कंप्यूटर-एडेड अलॉय डिजाइन को शामिल किया गया है। अन्य मॉडलों की तुलना में यह वेरिएंट काफी हल्का भी है।

कलर

ट्राई-कलर पेंट स्कीम के साथ आता है XP रेस

TVS एनटॉर्क 125 रेस XP में ट्राई-कलर पेंट स्कीम के साथ आता है। नई पेंट थीम में फ्रंट फेंडर और इनर पैनल पर सफेद रंगों के साथ काले रंग को मिक्स किया है। नाम के अनुरूप ही इसे स्पोर्टी लुक देने के लिए रेस-प्रेरित बॉडी डिजाइन दिया गया है, जिसमें स्कूटर को नए ग्राफिक्स और लाल पहिये मिलते हैं। साथ ही फ्रंट और साइड पैनल पर रेड कलर है।

वॉयस असिस्ट

इसे मिला है इंडस्ट्री का पहला वॉयस असिस्ट फीचर

नए स्कूटर में इंडस्ट्री का पहला स्मार्टक्सोनेक्ट सिस्टम दिया गया है, जिसमें वॉयस असिस्ट फीचर मिलता है। स्मार्टक्सोनेक्ट सिस्टम TVS कनेक्ट मोबाइल ऐप का उपयोग करता है और 15 वॉयस कमांड को स्वीकार करता है। इसमें मोड चेंज, नेविगेशन, कंसोल ब्राइटनेस एडजस्टमेंट और डू नॉट डिस्टर्ब जैसे बहुत से कनेक्टिविटी फीचर्स को भी शामिल किया गया है। TVS का दावा है कि इसमे लगा नेविगेशन फीचर एड्रेस को सेव रखने जैसे फीचर के साथ आता है।

कीमत

बेस मॉडल से 5,000 रुपये अधिक है कीमत

अधिक फीचर्स होने की वजह से रेस XP की कीमत भी ज्यादा है। TVS एनटॉर्क 125 रेस XP की कीमत 83,275 रुपये रखी गई है। वहीं, एनटॉर्क 125 रेस की कीमत 78,375 रुपये है। रेस वेरिएंट की तुलना में नए रेस XP की कीमत 5,000 रुपये अधिक है। ये दोनों ही एक्स शोरुम कीमतें हैं। एनटॉर्क 125 पहले ही भारत में एक लोकप्रिय स्कूटर है और अब रेस XP के लिए भी समान उम्मीद की जा रही है।