TVS से लेकर ओला इलेक्ट्रिक तक, पिछले महीने कितने इलेक्ट्रिक स्कूटर बेचे?
क्या है खबर?
इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन निर्माताओं ने नए साल के पहले महीने की शुरुआत बढ़त के साथ की है। TVS मोटर ने 2025 के शानदार प्रदर्शन को जारी रखा है। पिछले साल उसने लगभग 3 लाख i-क्यूब की बिक्री दर्ज की थी। पिछले महीने उसने अब तक की सर्वाधिक मासिक बिक्री 34,440 दर्ज की है, जो पिछले वर्ष की 24,027 की तुलना में 43 प्रतिशत अधिक है। देश में बिके कुल 1.22 लाख इलेक्ट्रिक स्कूटर में 28 प्रतिशत TVS के थे।
बजाज
21 फीसदी हुई बजाज की हिस्सेदारी
दूसरे स्थान पर रही बजाज ने पिछले महीने 25,520 चेतक इलेक्ट्रिक स्कूटर बेचे, जो पिछले वर्ष में बिके 21,470 की तुलना में 19 प्रतिशत अधिक है। इससे कंपनी की बाजार हिस्सेदारी 21 प्रतिशत हो गई है। एथर एनर्जी ने 67 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 21,923 स्कूटर बेचकर अपना तीसरा स्थान बरकरार रखा है और 18 प्रतिशत की हिस्सेदारी हासिल की है। इसके अलावा हीरो मोटोकॉर्प के विदा ब्रांड ने 13,274 बिक्री हासिल कर चौथा स्थान पर कब्जा जमाया।
गिरावट
ओला की बिक्री में आई गिरावट
ओला इलेक्ट्रिक की बिक्री में लगातार गिरावट जारी है और जनवरी में 7,512 स्कूटर की बिक्री के साथ 5वें स्थान पर रही है। पिछले वर्ष (24,413) की तुलना में इसमें 69 प्रतिशत की गिरावट आई है। इसकी हिस्सेदारी घटकर केवल 6 प्रतिशत रह गई है। ग्रीव्स इलेक्ट्रिक मोबिलिटी ने सालाना 48 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज करते हुए 5,335 एंपीयर स्कूटर बेचे हैं, जिससे वह छठे नंबर पर पहुंच गई है। तेजी से लड़खड़ाती ओला इलेक्ट्रिक को टक्कर दे रही है।