Page Loader
किआ EV9 से लेकर टाटा हैरियर EV तक, ऑटो एक्सपो में शोकेस हुई ये इलेक्ट्रिक गाड़ियां
किआ ने अपनी कॉन्सेप्ट कार किआ EV9 को पेश कर दिया है (तस्वीर: किआ)

किआ EV9 से लेकर टाटा हैरियर EV तक, ऑटो एक्सपो में शोकेस हुई ये इलेक्ट्रिक गाड़ियां

लेखन अविनाश
Jan 14, 2023
09:04 am

क्या है खबर?

ग्रेटर नोएडा में चल रहे 2023 ऑटो एक्सपो में वाहन बनाने वाली कंपनियां अपने अपकमिंग मॉडलों को पेश कर रही हैं। सबसे ज्यादा इलेक्ट्रिक वाहनों को पसंद किया जा रहा है। वहीं इलेक्ट्रिक सेगमेंट में अपनी मजबूत दावेदारी के लिए ऑटोमोबाइल कंपनियां इस सेगमेंट में एक से बढ़कर एक इलेक्ट्रिक गाड़ियां पेश कर रही हैं। आज हम आपके लिए 2023 ऑटो एक्सपो में शोकेस हुई पांच बेहतीन इलेक्ट्रिक कारों की जानकारी लेकर आए हैं। आइये इनके बारे में जानते हैं।

#1

किआ EV9

किआ मोटर्स में एक बेहतरीन इलेक्ट्रिक कार किआ EV9 पेश किया है। यह कॉन्सेप्ट कार लोगों को खूब पसंद आ रही है। EV9 को आकर्षक लुक मिला है। इसके विंडशील्ड के नीचे सोलर पैनल और मस्कुलर यू-आकार का बोनट दिया गया है। एक बार चार्ज करने पर यह 483 किलोमीटर तक की दूरी तय करने में सक्षम होगी। इसमें 350kW का चार्जर मिलेगा। इसकी मदद से यह मात्र 30 मिनट में 10-80 प्रतिशत तक चार्ज की जा सकती है।

#2

टाटा कर्व

क्रेटा को टक्कर देने के लिए टाटा मोटर्स अपनी कर्व SUV तैयार कर रही है। इसमें एक पतली, पूर्ण-चौड़ाई वाली LED लाइट बार, एक कूपे जैसी ढलान वाली छत, कनेक्टेड LED टेललाइट्स और फ्लश-फिटेड दरवाज़े के हैंडल दिए गए हैं। अंदर की तरफ इसमें चमकीले लाल रंग का स्टीयरिंग व्हील, कांच की छत और एक प्रीमियम डैशबोर्ड दिया गया है। इसमें ऑल-इलेक्ट्रिक के साथ-साथ ICE पावरट्रेन का भी विकल्प दीया जा सकता है।

#3

हुंडई आयोनिक-5

दिग्गज वाहन निर्माता हुंडई ने भारतीय बाजार में अपनी पहली इलेक्ट्रिक गाड़ी हुंडई आयोनिक-5 लॉन्च कर दी है। आम जनता के लिए इस गाड़ी को ऑटो एक्सपो 2023 में भी पेश किया जा रहा है। यह गाड़ी लेवल-2 ADAS तकनीक से लैस है और इसमें 12.3 इंच का डिजिटल इंस्ट्रुमेंटल क्लस्टर भी दिया गया है। इस गाड़ी में 5-सीटर केबिन दिया गया है। इसकी कीमत 45 लाख रुपये से शुरू है।

#4

मारुति सुजुकी eVX

मारुति सुजुकी ने भी अपनी पहली इलेक्ट्रिक कार मारुति सुजुकी eVX को 2023 ऑटो एक्सपो में पेश कर दिया। इस कार को पहले भारत में लॉन्च किया जाएगा, इसके बाद जापान और यूरोप में लॉन्च किया जाएगा। इस प्रकार इस कार की ग्लोबल लॉन्चिंग के लिए भारतीय मार्केट को चुना गया है। इसमें पावरफुल बैटरी पैक का इस्तेमाल किया गया है। एक बार चार्ज करने पर यह करीब 500 किलोमीटर तक की दूरी तय करने में सक्षम होगी।

#5

टाटा हैरियर EV

दिग्गज वाहन निर्माता कंपनी टाटा मोटर्स अपने इलेक्ट्रिक पोर्टफोलियो का विस्तार करने वाली है। कंपनी अपनी टाटा हैरियर SUV को इलेक्ट्रिक वेरिएंट में लॉन्च करने वाली है। हैरियर EV को 2023 ऑटो एक्सपो में शोकेस किया गया है। रिपोर्ट्स की मानें तो इसे अगले साल की शुरुआत में लॉन्च किया जा सकता है। इसे दो बैटरी पैक 30kWH और 24kWH के विकल्प में उतारा जाएगा। इन्हे मैग्नेट इलेक्ट्रिक मोटर के साथ जोड़ा जा सकता है।