टाटा हैरियर का इलेक्ट्रिक मॉडल ऑटो एक्सपो में हुआ शोकेस, अगले साल हो सकता है लॉन्च
क्या है खबर?
देश की दिग्गज वाहन निर्माता कंपनी टाटा मोटर्स अपने इलेक्ट्रिक पोर्टफोलियो का विस्तार करने वाली है। कंपनी अपनी टाटा हैरियर SUV को इलेक्ट्रिक वेरिएंट में लॉन्च करने वाली है।
हैरियर EV को 2023 ऑटो एक्सपो में शोकेस किया गया है। रिपोर्ट्स की मानें तो इसे अगले साल की शुरुआत में लॉन्च किया जा सकता है।
कंपनी टियागो, टिगोर और नेक्सन जैसी गाड़ियों को पहले ही इलेक्ट्रिक वेरिएंट में उतार चुकी है। वहीं पंच और कर्व EV अभी पाइपलाइन में हैं।
डिजाइन
कैसा होगा टाटा हैरियर EV का लुक?
डिजाइन की बात करें तो टाटा हैरियर इलेक्ट्रिक का लुक इसके ICE मॉडल के समान ही होगा। हालांकि, नए फीचर्स के तौर पर इनमें पैरानॉमिक सनरूफ और क्लोज्ड ग्रिल को शामिल किया गया है।
इनमें नई क्रोम से घिरी एक ग्रिल, चौड़ा एयर डैम, नये LED डे टाइम रनिंग लाइट्स (DRLs) के साथ प्रोजेक्टर हेडलैंप और नए फ्रंट बंपर दिए गए हैं।
हैरियर EV में फ्लेयर्ड व्हील आर्च और 18 इंच के नए अलॉय व्हील भी उपलब्ध होंगे।
पावरट्रेन
दो इलेक्ट्रिक पावरट्रेन के विकल्प में आ सकती है हैरियर EV
टाटा टियागो EV और नेक्सन EV की तरह ही अपकमिंग हैरियर EV को दो इलेक्ट्रिक पावरट्रेन के विकल्प के साथ पेश किया जाएगा। इसके पावरट्रेन के बारे में अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
हालांकि, अनुमान लगाया जा रहा है कि इसे दो बैटरी पैक 30kWH और 24kWH के विकल्प में उतारा जाएगा। इन्हे मैग्नेट इलेक्ट्रिक मोटर के साथ जोड़ा जा सकता है। यह सेटअप 100.75hp की पावर और 170Nm का टॉर्क जनरेट करने में सक्षम होगा।
फीचर्स
टाटा हैरियर के केबिन में मिलेंगे ये फीचर्स
रिपोर्ट्स की मानें तो नई टाटा हैरियर EV में 5-सीटर केबिन दिया जायेगा। इसमें ADAS तकनीक (एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम) भी मिलेगा।
इसमें टकराव और सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए कई सेफ्टी फीचर्स भी शामिल किए जा सकते हैं। इस इलेक्ट्रिक कार में 360 डिग्री कैमरा भी होगा जो पार्किंग में मदद करेगा।
कार में अपडेटेड इंफोटेनमेंट सिस्टम, फुल डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, इलेक्ट्रॉनिक पार्किंग ब्रेक और एंबियंट लाइटिंग भी मिलेगा।
जानकारी
क्या होगी टाटा हैरियर EV की कीमत?
टाटा हैरियर EV की कीमत और उपलब्धता की जानकारी 2024 में इसके लॉन्च के समय ही दी जाएगी। हालांकि, अनुमान लगाया जा रहा है कि इसकी कीमत करीब 25 लाख रुपये के आस-पास हो सकती है।
जानकारी
न्यूजबाइट्स प्लस
कंपनी ने टाटा पंच EV प्रोजेक्ट को भी हरी झंडी दे दी है। कंपनी पंच EV को इस साल भारतीय बाजार में लॉन्च करने वाली है।
जनवरी, 2023 में टाटा इस कार के प्रोडक्शन वेरिएंट को पेश करने की योजना भी बना रही है।
अपकमिंग ऑल-इलेक्ट्रिक माइक्रो-SUV अल्फा प्लेटफॉर्म पर बनाया गया है। सेगमेंट में इसे टिगोर और नेक्सन EV के बीच में रखा जाएगा।
इसकी कीमत करीब आठ लाख रुपये के आस-पास हो सकती है।