मारुति सुजुकी और हुंडई सहित इन 5 कंपनियों ने दिसंबर में बेची सबसे अधिक गाड़ियां
क्या है खबर?
दिसंबर का महीना खत्म होने के साथ ही सभी वाहन कंपनियां अपनी सेल्स रिपोर्ट जारी कर चुकी हैं। मारुति सुजुकी हर बार की तरह पिछले महीने में भी सबसे ज्यादा वाहन बेचने वाली कंपनियों की लिस्ट में सबसे ऊपर है।
साथ ही इस लिस्ट में हुंडई, टाटा, महिंद्रा और टोयोटा शामिल हैं।
आइये कार गाइड में उन 5 कार कंपनियों के बारे में जानते हैं, जिन्होंने पिछले महीने भारतीय बाजार में सबसे अधिक गाड़ियों की बिक्री की है।
#1
मारुति सुजुकी
दिसंबर, 2023 में गाड़ियों की बिक्री में मामले में मारुति सुजुकी को पहला स्थान मिला है। मारुति सुजुकी ने इस दौरान कुल 1.37 लाख यूनिट्स बेची है, जो दिसंबर, 2022 में बेची गई 1.39 लाख यूनिट की तुलना में 1.28 प्रतिशत कम है।
मासिक आधार पर भी कंपनी ने बिक्री में गिरावट दर्ज हुई है। कंपनी ने नवंबर, 2023 में 1,64,439 गाड़ियों की बिक्री की थी। पूरे साल की बात करें तो 2023 में कंपनी ने 20,66,129 गाड़ियां बेची हैं।
#2
हुंडई
पिछले महीने गाड़ियों की बिक्री में मामले में हुंडई दूसरे स्थान पर रही।
दिसंबर, 2023 में कंपनी ने देश में कुल 56,450 गाड़ियों की बिक्री की है, जो साल 2022 में इसी महीने बेचीं गई 57,852 यूनिट्स की तुलना में 2.42 प्रतिशत कम है।
कंपनी ने नवंबर, 2023 में 49,451 गाड़ियों की बिक्री की थी।
सालभर के आंकड़े देखें तो 2023 में कंपनी ने कुल 6,02,111 यूनिट्स की बिक्री की है, जो 2022 में 5,52,511 यूनिट्स थी।
#3
टाटा मोटर्स
पैसेंजर गाड़ियों की बिक्री में टाटा मोटर्स को तीसरा स्थान मिला है। कंपनी ने दिसंबर, 2023 में 43,675 कारों की बिकी दर्ज की है, जो दिसंबर, 2022 की 40,407 यूनिट की तुलना में सालाना आधार पर 8 प्रतिशत अधिक है।
चालू वित्तीय वर्ष की तीसरी तिमाही (अक्टूबर से दिसंबर) में कंपनी ने 1.38 लाख गाड़ियों की बिक्री की है, जो साल 2022 में इसी दौरान बेची गई 1.32 लाख यूनिट की तुलना में 5 प्रतिशत अधिक है।
#4
महिंद्रा एंड महिंद्रा
इस लिस्ट में चौथा नाम महिंद्रा एंड महिंद्रा का आता है, जो देश में सबसे अधिक SUVs मॉडल की बिक्री करती है। कंपनी ने पिछले महीने 35,174 पैसेंजर गाड़ियों की बिक्री की है। दिसंबर, 2022 में यह आंकड़ा 28,445 यूनिट्स का था। ऐसे में कंपनी को सालाना आधार पर 24.66 प्रतिशत का फायदा हुआ है।
नवंबर, 2023 महीने की तुलना में कंपनी को 12.02 प्रतिशत का नुकसान हुआ है। इस दौरान कंपनी ने 39,981 यूनिट्स की बिक्री की थी।
#5
टोयोटा
टोयोटा ने पिछले महीने 21,372 यूनिट्स की बिक्री दर्ज करते हुए पांचवा स्थान प्राप्त किया है। कंपनी को सालाना आधार पर फायदा हुआ है। दिसंबर, 2022 में कंपनी ने मात्र 10,421 यूनिट्स की ही बिक्री की थी।
नवंबर, 2023 में कंपनी ने 17,818 यूनिट्स की बिक्री की थी, जो पिछले महीने की तुलना में करीब 3,554 यूनिट्स अधिक है। कंपनी 2023 में भारतीय बाजार में कुल 2,31,469 यूनिट्स की बिक्री करने में सफल रही।