MPVs पर बढ़ा सेस, अब कितने में मिलेंगे देश में उपलब्ध ये मॉडल्स?
क्या है खबर?
अगर आप कोई नया मल्टी पर्पज व्हीकल (MPV) खरीदने की योजना बना रहे हैं तो आपके लिए बुरी खबर है। आने वाले समय में देश में उपलब्ध MPVs की कीमतों में बढ़ोतरी हो सकती है।
दरअसल मंगलवार को हुई GST काउंसिल की बैठक में SUVs और MPVs पर लगने वाले सेस को 2 प्रतिशत बढ़ा दिया गया है। इससे गाड़ियों की कीमतें बढ़ जाएंगी।
आइये जानते हैं कि देश में उपलब्ध MPVs की कीमतों में कितनी बढ़ोतरी होगी।
जानकारी
क्या होता है सेस?
सेस एक तरह का टैक्स है, जिसे मुख्य टैक्स के ऊपर एक सहायक टैक्स के रूप में लगाया जाता है। गाड़ियों पर इसे GST के ऊपर लगाया जाता है। यहां सेस से मिले पैसों को सरकार केवल ऑटोमोबाइल क्षेत्र के विकास पर खर्च करती है।
सेस
SUVs और MPVs पर कितना बढ़ा सेस?
GST काउंसिल ने SUVs और MPVs पर लगने वाले सेस को 20 प्रतिशत से बढ़ा कर 22 प्रतिशत कर दिया है। अभी तक यूटिलिटी वाहनों पर उनके डायमेंशन के हिसाब से 28 प्रतिशत GST के ऊपर 1 से 22 प्रतिशत तक सेस लगता था।
बता दें कि अब हर 4-मीटर लंबी, 170mm ग्राउंड क्लीयरेंस और 1500cc से अधिक पावरफुल इंजन के साथ आने वाली गाड़ियों पर 22 प्रतिशत सेस लगेगा।
#1
मारुति सुजुकी इनविक्टो
सेस में बढ़ोतरी के बाद इसी महीने लॉन्च हुई मारुति सुजुकी इनविक्टो की कीमतों में लगभग 50,000 रुपये तक की बढ़ोतरी हो सकती है।
इनविक्टो के अलावा कंपनी की अन्य सभी गाड़ियों की कीमतें पहले की तरह ही रहेंगी। यह जानकारी कंपनी के वरिष्ठ कार्यकारी निदेशक शशांक श्रीवास्तव ने दी है।
मारुति आने वाले कुछ दिनों में इनविक्टो की नई कीमतें जारी करेगी। अनुमान है कि अब इस गाड़ी की कीमत 25 लाख रुपये से शुरू होगी।
#2 और #3
टोयोटा इनोवा और इनोवा हाईक्रॉस
अब तक टोयोटा की टोयोटा इनोवा और इनोवा हाईक्रॉस पर भी 20 प्रतिशत सेस लगता था, लेकिन नए मानकों के साथ अब इन दोनों गाड़ियों पर 22 प्रतिशत सेस लगेगा।
इस वजह से इनकी कीमतों में 60,000 रुपये तक की बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि, इस बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है।
वहीं टोयोटा फॉर्च्यूनर पर पहले से ही 22 प्रतिशत सेस लगता है। इस वजह से इसकी कीमतें समान ही रहेंगी।
#4
किआ कैरेंस
हाल ही में किआ मोटर्स ने अपनी कार्निवाल MPV को भारतीय वेबसाइट से हटाया था।
वर्तमान में MPV सेगमेंट में कंपनी देश में केवल किआ कैरेंस की बिक्री कर रही है। इस गाड़ी की लंबाई 4540mm और ग्राउंड क्लीयरेंस 195mm है। साथ ही इसमें 1500cc का इंजन मिलता है।
ऐसे में अब इस गाड़ी पर भी अब 22 प्रतिशत सेस लगेगा, जिससे इस गाड़ी की एक्स-शोरूम कीमतों में 35,000 से 40,000 तक की बढ़ोतरी हो सकती है।