टाटा अब अविन्या प्रीमियम EVs के लिए इस्तेमाल करेगी ये प्लेटफॉर्म
क्या है खबर?
भारत की दिग्गज इलेक्ट्रिक कार निर्माता टाटा मोटर्स चीन की वाहन निर्माता कंपनी चेरी के साथ साझेदारी कर रही है। यह कदम कंपनी की प्रीमियम इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) के विकास में तेजी लाने की रणनीति का हिस्सा है, जिनमें कुछ समय से देरी हो रही है। रिपोर्ट के अनुसार, भारतीय कंपनी चेरी के प्लेटफॉर्म का उपयोग अपने प्रीमियम ब्रांड अविन्या के तहत स्थानीय स्तर पर EV के निर्माण के लिए करेगी।
मॉडल
कब आएगा पहला मॉडल?
रिपोर्ट्स के अनुसार, टाटा मोटर्स चीनी ऑटोमोबाइल निर्माता कंपनी चेरी के साथ लाइसेंसिंग समझौते पर बातचीत कर रही है, जिसके तहत उसे चेरी के एडवांस इलेक्ट्रिक वाहन प्लेटफॉर्म का उपयोग करने की अनुमति मिलेगी। इस पर आधारित पहला अविन्या मॉडल 2027 में आने की उम्मीद है। इसे चीन से किट के रूप में भेजा जाएगा और भारत में असेंबल किया जाएगा। दूसरी EV 2029 में लॉन्च होने वाली है और इसके बाद 2 और मॉडल लॉन्च करने की योजना है।
बयान
साझेदारी को लेकर कंपनी ने क्या कहा?
टाटा मोटर्स ने साझेदारी की पुष्टि करते हुए कहा है कि वह चेरी और JLR के चीन स्थित संयुक्त उद्यम में निर्मित फ्रीलैंडर प्लेटफॉर्म का उपयोग करेगी। इन कारों का निर्माण तमिलनाडु में टाटा के नवस्थापित कारखाने में किया जाएगा। कंपनी ने कहा, "अविन्या को एक वैश्विक प्रीमियम ब्रांड के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिसे कई स्केलेबल प्लेटफॉर्म और आर्किटेक्चर पर बनाया जाएगा, साथ ही यह टाटा मोटर्स की डिजाइन, इंजीनियरिंग और एकीकरण क्षमताओं पर आधारित होगी।"
बदलाव
टाटा ने रणनीति में किया बदलाव
चेरी के प्लेटफॉर्म का उपयोग करने की योजना टाटा की पिछली रणनीति से एक बड़ा बदलाव है। कंपनी ने पहले 2025 में लॉन्च होने वाले अविन्या मॉडल्स के लिए JLR के इलेक्ट्रीफाइड मॉड्यूलर आर्किटेक्चर (EMA) का उपयोग करने की योजना बनाई थी। पिछले साल JLR द्वारा भारत में EMA आधारित इलेक्ट्रिक वाहनों का उत्पादन बंद करने के बाद ये योजनाएं रद्द कर दी गईं, जिससे टाटा को अपनी रणनीति पर पुनर्विचार करने के लिए मजबूर होना पड़ा।